Haryana News: फूड सेफ्टी विभाग ने पकड़ी नकली घी बनाने की फैक्ट्री, इन चीजों को मिलाकर बनाया जा रहा था देसी घी

जींद: हरियाणा के जींद में खाद्य सुरक्षा विभाग (Food Safety Department) व सीआइए स्टाफ की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने हरियाणा के जींद में नकली देशी घी बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान मौके से भारी मात्रा में नकली घी भी बरामद किया गया है। साथ ही फैक्ट्री संचालक अमित को भी गिफ्तार कर लिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री संचालक अमित को देशखेड़ा में एक घर पर छापेमारी कर गिरफ्तार किया गया है, जो नकली घी तैयार करने की फैक्ट्री चला रहा था। खाद्य सुरक्षा विभाग ने फैक्ट्री से 456 लीटर तैयार नकली घी बरामद की है, जिसे ब्रांडेड कंपनियों के पैकेट में भरकर मार्किट में सप्लाई किया जाना था। कुछ पैकेट्स भरे भी जा चुके थे जिसमें पतंजलि, वेर्का, अमूल जैसे अन्य ब्रांडेड पैकेट का प्रयोग किया गया है।

मौके पर पहुंची पुलिस को मौके से पंतजलि गाय का घी (Patanjali Ghee) 45 लीटर, वेर्का देसी घी (Verka Desi Ghee) 14 लीटर, अमूल घी (Amul Desi Ghee) के 55 लीटर, मिल्क फूड देसी घी 27 लीटर, मधुसुदन देशी घी (Madhusudan Desi Ghee) 180 लीटर, वीटा देसी घी 135 लीटर, नौ टीन व तीन बड़े टबों में खुला घी मिला, जिसे वनस्पति घीऔर रिफाइंड में एसेंस डालकर तैयार किया गया था।

इसके अलावा बेस्ट च्वाइस रिफाइंड आयल के चार टीन, अवसर वनस्पति 12 टीन व एसेंस की बोतल भी मिली जिसे नकली घी को तैयार करने के लिए रखा गया था। साथ ही साथ पैकिंग के लिए तीन मशीन, एक गैस सिलेंडर, दो गैस चूल्हे और10 रबर की मोहर मिली है। बता दें कि पुलिस ने कंपनी के अधिकारी जितेंद्र कुमार की शिकायत पर फैक्ट्री संचालक गांव देशखेड़ा निवासी अमित के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *