Journalist Murder Case : जेल में रची गई पत्रकार हत्याकांड की साजिश, अब तक चार आरोपी अरेस्ट, दो की तलाश जारी

पटना:बिहार के अररिया में हुए पत्रकार हत्याकांड मामले (Journalist Murder Case) में अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। गुरुवार को घटी इस घटना के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के निर्देश के बाद पुलिस ने तत्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को दबोचने में कामयाब रही है। वहीं आगे की कार्रवाई जारी है।

दरअसल, ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब किसी पत्रकार की इस कदर बर्बरता से हत्या कर दी गई हो। इसी कड़ी में गुरुवार को अररिया के रहने वाले 35 वर्षीय विमल कुमार यादव की हत्या कर दी गई। इस घटना पर अफसोस व्यक्त करते हुए सीएम नीतीश कुमार ने कहा था कि भला किसी पत्रकार को इस तरह कैसे मारा जा सकता है…?वहीं उन्होंने मामले में अधिकारियों को तुरंत अपराध की जांच करने का निर्देश दिया।

बता दें कि यह मामला रानीगंज बाजार इलाके का है जहां अपराधियों ने हिंदी दैनिक अखबार के लिए काम करने वाले पत्रकार विमल कुमार यादव के घर पर ही उनकी हत्या कर दी। बिहार पुलिस के एक ट्वीट के मुताबिक, हमलावरों ने सुबह करीब साढ़े पांच बजे यादव के घर का दरवाजा खटखटाया और जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला, अपराधियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। वहीं ताबड़तोड़ की गई गोलीबारी में यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गईजिसकीखबर मिलते ही जिला पुलिस प्रमुख और संबंधित थाने रानीगंज के प्रभारी मौके पर पहुंचे।

ऐसी जानकारी सामने आ रही है कि पत्रकार हत्याकांड की साजिश सुपौल और अररिया जेल में बंद अपराधियों ने रची थी। इस मामले में बड़ा खुलासा करते हुए अररिया एसपी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि सुपौल जेल में बंद रूपेश यादव और अररिया जेल में बंद क्रांति यादव उर्फ उमेश यादव ने ही अपने साथियों के साथ हत्या की साजिश रची थी। इसके साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि आठ नामजद आरोपियों में चार को गिरफ्तार कर लिया गया है और इन्हें रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है।

दरअसल, 4 साल पहले पत्रकार विमल यादव के भाई की हत्या बदमाशों ने कर दी थी। वे इलाके के सरपंच थे। इसी हत्या के केस में विमल मुख्य गवाह थे। अपराधियों के खिलाफ गवाही करने पर अपराधियों ने यादव को कई बार धमकी भी दी थी, लेकिन कथिम धमकियों के बावजूद भी विमल ने अदालत में चल रहे मुकदमे के दौरान अपने भाई के हत्यारे के खिलाफ गवाही दी। इसीलिए ऐसी आशंका जताई जा रही है कि मुख्य गवाह होने की वजह से बदमाशों ने उनकी हत्या कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *