Madhya Pradesh Digvijay Singh: मध्य प्रदेश कांग्रेस के बड़े नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने बड़ा बयान दिया है कि हम सरकार आने पर बजरंग दल पर कुछ प्रतिबंध लगाएंगे। यह देश संविधान के अनुसार चलेगा और बजरंग दल में कुछ शरारती तत्व हैं उन पर जरूर प्रतिबंध लगाने का काम करेंगे। लेकिन बजरंग दल को पूरे प्रदेश में बैन नहीं करेंगे क्योंकि उसमें कुछ अच्छे लोग भी है।
ईवीएम पर उठाए सवाल
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने विधानसभा चुनाव से पहले ईवीएम को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि हमारे ईवीएम को लेकर कुछ सवाल है जिनका चुनाव आय़ोग कोई जवाब नहीं दे रहा है। हम चुनाव आयोग से प्रश्नों के उत्तर मांग रहे हैं। केन्द्र और प्रदेश की शिवराज सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि जो लोग संविधान की शपथ लेकर पदों पर बैठे हैं। उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।
संविधान से चलेगा देश- दिग्विजय सिंह
इस समय देश संविधान नहीं बल्कि तानाशाही पर चल रहा है। केन्द्र और प्रदेश सरकार हिन्दू राष्ट्र की बात करती है इसलिए इन्हें इस्तीफा देना चाहिए। मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान से पूछना चाहता हूं कि इन्होंने संविधान की शपथ ली है या हिन्दू राष्ट्र की।
दरअसल, राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को कर्नाटक के हुबली में हिन्दू राष्ट्र और हिन्दुत्व को लेकर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा कि ये सॉफ्ट या हार्ड हिन्दुत्व जैसी कोई चीज नहीं होती।उन्होंने कहा कि हिंदुत्व शब्द के रचयिता सावरकर हैं और उन्होंने ही कहा है कि हिंदुत्व का हिंदू या सनातन धर्म से कोई संबंध नहीं है। संविधान की शपथ लेकर काम करने वाला कोई भी व्यक्ति हिन्दू राष्ट्र की बात करता है तो उन्हें पहले अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए और उसके बाद ही कुछ कहना चाहिए।