कैथल जिले के गांव तितरम मोड़ से हांसी तक सड़क को फोरलेन बनाएगी हरियाणा सरकार

चंडीगढ़ः हरियाणा सरकार कैथल जिले के गांव तितरम मोड़ से हांसी वाया जींद होकर जाने वाली सड़क को फोरलेन बनाएगी। करीब 75करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली इस फोरलेन सड़क से करीब 100गांवों के लोगों को सीधा फायदा होगा। इसके साथ ही हरियाणा सरकार ने गांव तितरम से गांव राजौंद की तरफ जाने वाली सड़क की मरम्मत का काम भी जल्द शुरू करने का फैसला किया है। कैथल जिले के गांव तितरम, देवबन, कसान आदि गांवों में आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत करने पहुंचे हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने ये बातें कहीं।

तालाबों के सुंदरीकरण के लिए बजट में 800करोड़ रुपये का प्रावधान

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि प्रदेश में पंचायती राज संस्थानों में 50फीसदी जनप्रतिनिधित्व महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है। इसके अलावा प्रदेश सरकार ने गांवों में तालाबों के सुंदरीकरण के लिए बजट में 800करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। उन्होंने बताया कि करीब 1600तालाबों के सुंदरीकरण का कार्य पूरा किया जा चुका है। सरकार ग्रामीण इलाकों में व्यायामशाला और पार्कों का निर्माण करा रही है।

गांव सौंगल से देवबन तक की सड़क का निर्माण होगा

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि गांव सौंगल से देवबन तक की सड़क का निर्माण होगा। साथ ही गांव देवबन में हाईवे से गांव तक सड़क किनारे बिजली की व्यवस्था व्यवस्था की जाएगी। सभी गांवों में जितनी भी चौपालों में मरम्मत कार्य की जरूरत है, उसे तुरंत पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव देवबन में आंगनवाड़ी केंद्र भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा संबंधित गांवों में ग्राम पंचायत की ओर से जमीन मुहैया करवाने पर भव्य सामुदायिक भवनों का निर्माण भी किया जाएगा।

श्मशान घाटों में लगेंगे शैड, पेयजल व सड़क ही होगी सुविधा

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि शिवधाम योजना के तहत जिन श्मशान घाटों तक जाने के लिए सड़के नहीं बनी हैं वहां सड़कें तैयार की जाएंगी। इसके अलावा इन जगहों पर शैड, पेयजल आदि की कमी दूर की जाएगी। स्कूलों में प्रार्थना स्थल के लिए शैड व ब्लॉक लगाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *