Haryana CM Manohar Lal: हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने प्रदेशवासियों को बड़ा तोहफा दिया है। सरकार ने सात जिलों की 131 कॉलोनियों को वैध घोषित कर दिया है। अब इन कॉलोनियों में बिजली और पानी की सुविधा मिलेगी। लंबे समय से इसकी मांग की जा रही थी। जो कॉलोनियां सरकार के मानकों को पूरा करती है उन्हें नियमित कर दिया गया।
सरकार ने जारी की सूचना
अवैध कॉलोनियों में बड़ी संख्या में आबादी सरकारी सुविधाओं से वंचित है। टाउन एंड प्लानिंग विभाग और शहरी निकाय विभाग इन कॉलोनियों को वैध किए जाने की प्रक्रिया पूरी कर रहा है। हर जिले से अलग-अलग संख्या में कॉलोनियों के प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय को भेजे जा रहे हैं। इन प्रस्तावों के अनुसार जो कॉलोनियां नियमों पर खरा उतर रही हैं, उन 131 कॉलोनियों को वैध करने के लिए सरकार ने सूचना जारी कर दी है।
नगर निकाय के प्रस्ताव लंबित
बताया जा रहा है कि आगामी लोकसभा चुनाव से पहले डीटीपी विभाग के सर्वे में नियमों पर खरा उतरने वाली सभी कॉलोनियों को नियमित किया जाएगा। इसके लिए विभागीय बैठकों में जिला स्तर से प्रस्ताव भेजने को कहा गया है। कई शहरों में नगर निकायों से प्रस्ताव लंबित हैं। जिस कारण कॉलोनियों के वैध होने का मामला लटका है।
फरीदाबाद की 59 कॉलोनियां वैध
सरकार द्वारा जारी की गई पहली सूची के बाद बची हुई कॉलोनियों के भी नियमित होने की उम्मीद है। सरकार द्वारा जारी पहली सूची में सबसे ज्यादा फरीदाबाद की 59 कॉलोनियां वैध हुई हैं। इसके अलावा गुरुग्राम की तीन, फतेहाबाद की 10, हिसार की 15, कैथल की 29, रोहतक की 8 और यमुनानगर की 4 कॉलोनियां वैध घोषित हुई है। अब इन कॉलोनियों में सड़क, सीवरेज, बिजली जैसी सुविधाएं सरकार द्वारा मुहैया करवाई जाएगी।