उसे क्यों बनाया बली का बकरा ? पुजारा को टीम से बाहर करने पर भड़के सुनील गावस्कर

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने वेस्टइंडीज दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। अनुभवी बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा को टेस्ट टीम में जगह नहीं मिली है। पुजारा को टीम से बाहर निकालने पर पूर्व महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने चयनकर्ताओं पर नाराजगी जताई है।

पुजारा को बाहर करने पर भड़के सुनाील गावस्कर

भारतीय टीम अगले महीने वेस्टइंडीज दौरे के लिए रवाना होगी। इस दौरे पर टीम इंडिया 2 टेस्ट मैच, 3 वनडे और 5 टी20 सीरीज खेलेगी। इस दौरे के लिए टीम इंडिया की घोषणा की जा चुकी है। टेस्ट टीम से मध्यक्रम बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा की छुट्टी हो गई है। उनको टीम से बाहर किए जाने पर सवाल खड़े होने शुरू हो गए हैं। पुजारा को टीम से बाहर करने पर सुनील गावस्कर भड़क उठे हैं।

पुजारा को बली का बकरा क्यों बनाया गया- गावस्कर

वेस्टइंडीज के खिलाफ 12 जुलाई से शुरू हो रही 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए टीम में पुजारा नहीं होंगे। 3 नंबर पर कोई और बल्लेबाज अनुभवी पुजारा की जगह खेलेगा। पुजारा को टीम में शामिल ना किए जाने पर सुनील गावस्कर ने नाराजगी जताई है।सुनील गावस्कर ने एक स्पोर्ट्स चैनल से बातचीत करते हुए कहा, उन्हें हमारी बल्लेबाजी के फेल होने पर बलि का बकरा क्यों बनाया गया है? वह भारतीय क्रिकेट के वफादार सेवक, शांत और सक्षम व्यक्ति रहे हैं। लेकिन क्योंकि उसके किसी भी मंच पर लाखों में फॉलोअर्स नहीं हैं जो बाहर होने पर शोर मचा सकें, तो आप उसे हटा देते हैं? यह समझ से परे की बात है।

टीम से खिलाड़ी को हटाने का क्या पैमाना ?

सुनील गावस्कर ने भारतीय चयनकर्ता पर बात करते हुए कहा कि,आजकल वो प्रेस कॉन्फ्रेंस करके टीम की घोषणा नहीं करते हैं। उन्हें (पुजारा) को टीम से हटाने और फेल हुए अन्य खिलाड़ियों को रखने का क्या पैमाना है। मुझे नहीं पता क्योंकि आजकल चयन समिति के अध्यक्ष या ऐसे किसी भी व्यक्ति के साथ मीडिया की कोई बातचीत नहीं होती है जिससे आप ये प्रश्न पूछ सकें।

डब्लूटीसी में खामोश था पुजारा का बल्ला

चेतेश्वर पुजारा पिछले कुछ समय से उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी उनका बल्ला खामोश रहा। पुजारा पहली पारी में 14 और दूसरी पारी में 27 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थें। जिसके बाद उन्हें वेस्टइंडीज दौरे के लिए टेस्ट टीम में शामिल नहीं किया गया। पुजारा को टीम से बाहर करने पर चयनकर्ताओं पर सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *