किशनगंज: बिहार में एक बार फिर पुल के धंसने की खबर सामने आई है। अभी हाल ही में जहां खगड़ियां में गंगा नदी पर निर्माणाधीन पुल के बहने से हड़कंप मचा था। वहीं अब किशनगंज में अचानक पुल का पाया धंस गया है।मामला नेशनल हाईवे327 ई पर ठाकुगगंज से बहादुरगंज के बीच मेची नदी पर बन रहे पुल का है जहां पुल का पाया धंस गया। पुल धंसने के कारण उस रास्ते पर फिलहाल आवागमन ठप है।
दरअसल, नेशनल हाईवे 327 E का चौड़ीकरण किया जा रहा है जिसके तहत इस पुल का निर्माण किया जा रहा है। 1500 करोड़ की लागत से इसका निर्माण जीआर इंफ्रास्ट्रक्चर कम्पनी द्वारा करवाया जा रहा है। इस दौरान अररिया-किशनगंज-सिलीगुड़ी को जोड़ने वाले पुल का पाया पहली बरसात में ही अचानक धंस गया। इस घटना के बाद किशनगंज-सिलीगुड़ी-अररिया जाने वाले रास्ते में आवागमन ठप हो गया है। वहीं लोगों ने जगह-जगह पुलों के टूटने और धंसने पर चिंता जाहिर की है। इसके साथ ही निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़ा हो रहा है।
हालांकि इस घटना के बाद गुणवत्ता पर सवाल खड़ा होने के बाद भी निर्माण एजेंसी की तरफ से अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, इस मामले में NHAI पूर्णिया के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार ने बताया कि इस मामले की जांच करवाई जाएगी और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा।बता दें कि किशनगंज के गलगलिया से अररिया के बीच सड़क का चौड़ीकरण हो रहा है जो कि 94 किमी लंबी है।