कलकत्ता: पश्चिम बंगाल हिंसा पर केंद्र ने सख्त रूख अपनाया है। केंद्र सरकार ने हिंसा पर रिपोर्ट तलब की है। इस मामले में राज्यपालने भी कड़ी आपत्ति जताई है। भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष सुकांता मजूमदार ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लेटर लिखकर कहा था कि हाल ही में रामनवमी के जुलूस के दौरान राम भक्तों, सामान्य हिंदू लोगों और हमारे नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ हिंसा हुई। यह सब सत्ताधारी टीएमसी और इसकी लीडरशिप के सपोर्ट से हुआ।
मजूमदार ने लिखा था पत्र
मजूमदार ने लेटर में लिखा कि सबसे दुर्भाग्यपूर्ण पुलिस की भूमिका है, जो अपनी निष्पक्षता पूरी तरह खो चुकी है। पुलिस सामान्य लोगों, विशेष रूप से प्रभावित हिंदुओं के जीवन और संपत्ति की रक्षा करने के बजाय,अल्पसंख्यक समुदाय के अपराधियों की ओर आंख मूंदे बैठी है।
भाजपा ने की थी राज्यपाल से मुलाकात
मजूमदार के नेतृत्व में भाजपा के एक डेलिगेशन ने राज्यपाल सीवी आनंदबोस से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। डेलिगेशन ने राज्य में बढ़ती हिंसा को देखते हुए राज्यपाल से दखल देने की मांग की है। राज्यपाल ने भी हिंसा प्रभावित इलाके का दौरा किया।
यह था पूरा मामला
पश्चिम बंगाल में में हुगली के रिसड़ा इलाके में सोमवार देर रात रेलवे स्टेशन के बाहर पथराव हुआ। पूर्वी रेलवे के मुख्य PRO कौशिक मित्रा ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रात 10 बजे से 1 बजे तक हावड़ा-बैंडल रूट पर सभी लोकल, मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया।
घटना के बाद रिसड़ा स्टेशन के बाहर भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। वहीं, हुगली में हिंसा के बाद राज्य के गवर्नर सीवी आनंद बोस ने दार्जिलिंग का अपना प्रोग्राम रद्द कर दिया है और कोलकाता के लिए रवाना हो गए। वे यहां से सीधे रिसड़ा पहुंचे और घटनास्थल का दौरा किया।