नई दिल्ली: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मैच बुधवार को खेला जाएगा। इससे पहले एक बार फिर टीम के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल की फॉर्म को लेकर बहस छिड़ गई है। पूर्व भारतीय गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद ने केएल राहुल के ट्वीट को लेकर अपनी चुप्पी तोड़ी।
लोकेश राहुल को लेकर वेंकटेश प्रसाद और आकाश चोपड़ा के बीच ट्विटर पर जुबानी जंग छिड़ गई थी। जहां एक तरफ वेंकटेश प्रसाद ने केएल राहुल की खराब फॉर्म को लेकर लगातार उनकी आलोचना की। वहीं आकाश चोपड़ा राहुल के बचाव में उतर आए। दोनों ने ट्वीटर पर एक दूसरे के ऊपर जमकर हमला किया। वेंकटेश प्रसाद ने आकाश चोपड़ा को राहुल का एजेंट तक बता दिया था।
केएल राहुल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुंबई वनडे में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने मुश्किल घड़ी में 75 रनों की नाबाद पारी खेलकर भारत को जीत दिला दी थी। राहुल की इस पारी के बाद लगा था कि उनका बुरा दौर अब गुजर चुका है। लेकिन दूसरे वनडे में वो एक बार फिर रन बनाने में नाकाम साबित हुए। हालांकि उस मैच में कोई भी भारतीय बल्लेबाज नहीं चल सका था। जिसकी वजह से टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा और सीरीज 1-1 से बराबर हो गई। अब तीसरे और अंतिम मुकाबले से पहले वेंकटेश प्रसाद ने केएल राहुल को लेकर अपनी बात रखी है।
केएल राहुल के लिए मेरे मन में सम्मान- वेंकटेश प्रसाद
एन न्यूज चैनल से बात करते हुए वेंकटेश प्रसाद ने कहा कि, मेरे पास किसी के खिलाफ कुछ नहीं है लेकिन मुझे जो भी लगता है मैं उसे कह देता हूं। कुछ लोग इसे लेते हैं, कुछ नहीं, ये उनके उपर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि सिर्फ केएल राहुल के बारे में बात की है। मैंने सरफराज अहमद पर भी अपनी राय रखी थी जो शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि मैंने लाइन क्रॉस नहीं कीहै। पूर्व गेंदबाज ने कहा कि केएल राहुल के प्रति मेरे मन में बहुत सम्मान है। लेकिन उनके अंदर जो प्रतिभा है, उस पर वो खरे नहीं उतरे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि अगले कुछ महीनों में केएल राहुल बेहतर प्रदर्शन करेंगें।