Bihar Board 12th Result 2023: रिजल्ट आने के बाद से ही उत्तीर्ण विद्यार्थियों के खिले चेहरे…इस साल 3.55% ज्यादा छात्रों ने किया पास

पटना: बिहार बोर्ड परीक्षा समिति ने आज 12वीं के तीनों स्ट्रीम का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार 13 लाख 4 हजार 586 विद्यार्थियों में से 10 लाख 91 हजार 941 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा पास की है। यह पिछली बार से 3.55% ज्यादा है। रिजल्ट आने के बाद से उत्तीर्ण छात्रों के खुशी का ठिकाना नहीं है। वैसे तो छात्र पास होकर, स्कूल टॉपर होकर या जिला टॉपर होकर भी काफी खुश हैं लेकिन उनकी खुशी अलग ही झलक रही है जिन छात्र-छात्राओं ने स्टेट टॉप किया है। बता दें कि इस बार तीनों स्ट्रीम में लड़कियां टॉपर रही हैं।

आपको बता दें कि साइंस से खगड़िया की आयुषी नंदन, ऑर्ट्स में पूर्णिया की मोहद्दीसा और कॉमर्स में औरंगाबाद की सौम्या शर्मा ने टॉप किया है। आयुषी को 94.8% (474 मार्क्स) अंक, मोहनिशा और सौम्या को 95% (475 मार्क्स) मिले हैं।इस परीक्षा को पास करने में सबसे अधिक 47% फर्स्ट डिवीजन वाले हैं। फर्स्टडिवीजन- 5 लाख 13 हजार 222, सेकंड डिवीजन- 4 लाख 87 हजार 223 और थर्ड डिवीजन- 91 हजार 503 स्टूडेंट्स पास हुए हैं।

इंटर रिजल्ट में औरंगाबाद टॉप, 2 स्टेट टॉपर के साथ कॉमर्स के टॉप-6 में 5 बच्चे
हमेशा की तरह इस साल भी बिहार बोर्ड के इंटर रिजल्ट में औरंगाबाद का जलवा रहा है। कॉमर्स स्ट्रीम में जिले की सौम्या शर्मा व रजनीश पाठक ने 475-475 नंबर हासिल कर संयुक्त रूप से पूरे सूबे में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, बिहार इंटरमीडिएट साइंस का सेकंड टॉपर शुभम चौरसिया है जो कि एक ऑटो ड्राइवर का बेटा है। शुभम ने साइंस में 472 अंक हासिल किए हैं। मैट्रिक में शुभम ने 95.4 प्रतिशत अंक हासिल कर 8वीं रैंक हासिल की थी।

टॉपर्स को गिफ्ट में मिलेगा कैश और लैपटॉप

साइंस, आर्ट्स, कॉमर्स में फर्स्ट टॉपर आने वाले को एक लाख रुपए, एक लैपटॉप और एक किंडल ई-बुक रीडर दिया जाएगा। सेकेंड को 75 हजार रुपए, एक लैपटॉप और ईबुक रीडर। थर्ड को 50 हजार रुपए, एक लैपटॉप और किंडल ई-बुक रीडर दिया जाएगा। तीनों संकाय में 4th से 6th रैंक पर रहने वाले को 15 हजार रुपए और एक लैपटॉप मिलेगा।

गौरतलब है कि बिहार बोर्ड ने 1 फरवरी से 14 फरवरी के बीच दो पालियों में कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2023 आयोजित की गई थी। बीएसईबी कक्षा 12वीं 2023 की परीक्षा में 6,36,432 महिला छात्र और 6,81,795 पुरुष छात्रों ने भाग लिया था जिसके लिए 38 जिलों और 1,464 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *