संतोष कुमार सिंह
तिरुवनंतपुरम: भारत की जी-20 अध्यक्षता के तहत जी-20 स्वास्थ्य कार्य समूह की पहली बैठक आज केरल के तिरुवनंतपुरम में शुरू हुई। तीन दिनों तक चलने वाले इस बैठक का उद्घाटन केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री भारती प्रवीण पवार ने किया। स्वास्थ्य संबंधी कार्य समूह की बैठकों के मेजबानी का जिम्मा भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के पास है। उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य विषय पर कार्य समूह (एचडब्ल्यूजी) की चार बैठकें और एक स्वास्थ्य मंत्री स्तर की बैठक (एचएमएम) की जानी है।
क्या कहा स्वास्थ्य राज्यमंत्री ने
उद्घाट्न समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री भारती प्रवीण पवार ने कहा कि महामारी से निपटने की नीति हमारी स्वास्थ्य नीति का मुख्य हिस्सा होना चाहिए। आज विश्व के देश एक दूसरे से जुडे हुए हैं, ऐसे में किसी भी तरह के स्वास्थ्य संकट से आर्थिक संकट पैदा होता है। डॉ पवार ने कहा कि महामारी से बचाव और निपटने की तैयारी के लिए बहुक्षेत्रीय और बहुपक्षीय प्रयासो में समन्वय की जरूरत होती है। उन्होंने भविष्य की स्वास्थ्य आपात स्थितियों का सामना करने के लिए समुदायों को मजबूत और सशक्त बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने लचीली स्वास्थ्य प्रणाली और जीवन रक्षक टीकों, चिकित्सीय और निदान में निवेश के महत्व पर भी बल दिया।
क्या कहा विदेश राज्यमंत्री वी मुरलीधरन ने
केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन ने अपने मुख्य भाषण में चिकित्सा पद्धतियों और नवाचार की भारत की समृद्ध संस्कृति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य का आह्वान तेजी से वैश्वीकृत होती दुनिया के अनुरूप है। इंडोनेशिया और ब्राजील के ट्रोइका सदस्यों ने तीन स्वास्थ्य प्राथमिकताओं को स्थापित करने के लिए भारत की जी-20 की अध्यक्षता की सराहना की। उन्होंने कहा कि महामारी ने हमारी स्वास्थ्य प्रणालियों को मजबूत करने का अवसर दिया है और आज सभी के लिए स्वास्थ्य सुविधा सुनिश्चित करने के हमारे प्रयासों में तेजी लाने की आवश्यकता है।
G20 का हेल्थ ट्रैक और भारत की स्वास्थ्य संबंधी प्राथमिकताएं
भारत की अध्यक्षता में जी 20 हेल्थ ट्रैक में चार स्वास्थ्य कार्य समूह (एचडब्लूजी) की बैठक और एक स्वास्थ्य मंत्रिस्तरीय बैठक (एचएमएम) शामिल होंगी। भारत ने G20 चर्चाओं को समृद्ध, पूरक और समर्थन करने के लिए एचडब्लूजी बैठकों के साथ-साथ विभिन्न स्थानों पर चार साइड इवेंट्स की मेजबानी करने की योजना बनाई है। इनमें मेडिकल वैल्यू ट्रैवल और डिजिटल हेल्थ आदि पर पूरक कार्यक्रम भी शामिल हैं। इससे जुड़ी बैठकें देश भर में विभिन्न स्थानों पर आयोजित की जाएंगी।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय (MoHFW) स्वास्थ्य संबंधी एजेंडा के लिहाज से तीन प्राथमिकताओं की पहचान की है जिनमें
1. स्वास्थ्य आपात स्थितियों की रोकथाम, तैयारी और प्रतिक्रिया,
2. सुरक्षित, प्रभावी, गुणवत्तायुक्त और सस्ती चिकित्सा प्रति उपाय (वैक्सीन, चिकित्सीय और निदान) तक पहुंच और उपलब्धता पर ध्यान देते हुए औषधि क्षेत्र में सहयोग को मजबूत बनाना
3. तृतीय वैश्विक स्वास्थ्य कवरेज मे सहायता और स्वास्थ्य देखभाल सेवा आपूर्ति में सुधार के लिए डिजिटल स्वास्थ्य नवाचार और समाधान जैसे विषय शामिल हैं।
उद्घाटन समारोह में जी-20 सदस्य देश, विशेष आमंत्रित देश, अंतर्राष्ट्रीय संगठन, मंच और विश्व स्वास्थ्य संगठन तथा विश्व बैंक के प्रतिनिधि उपस्थित थे। जाहिर है G20 अध्यक्ष के रूप में, भारत का उद्देश्य स्वास्थ्य संबंधी प्राथमिकताओं न सिर्फ जारी रखना बल्कि विगत में किये गये कार्यों और स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण क्षेत्रों और अधिक महत्वपूर्ण करना है। इतना ही नहीं उन महत्वपूर्ण क्षेत्रों की पड़ताल भी करनी है जिन्हें और अधिक व्यापक बनाये जाने और मजबूत किए जाने की दरकार है।