हरियाणा: कृषि कानूनों की वापसी के बाद किसानों के आंदोलन को समाप्त हुए एक साल हो गए हैं। लेकिन देश के किसान एक बार फिर केंद्र सरकार को घेरने की योजना बना रहे हैं। किसानों ने गणतंत्र दिवस के मौके पर एक बड़ी रैली निकालने का ऐलान किया है। इस रैली में हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली के हजारों किसान के भाग लेने की उम्मीद जताई जा रही है।
भारत के किसानों ने एक साल पहले देशव्यापी आंदोलन किया था। केंद्र सरकार के तीन कृषि कानून के खिलाफ किसानों ने जमकर विरोध किया था। दिल्ली बॉर्डर, गाजीपुर बॉर्डर और टिकरी बॉर्डर पर किसानों ने लंबा धरना दिया। केंद्र सरकार और किसान संगठन के नेताओं के बीच कई दौरों की बातचीत चली। बावजूद इसके किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे। जिसके बाद केंद्र सरकार को कृषि बिल वापस लेना पड़ा। इसके बाद किसान अपने घर को लौट गए थे। लेकिन एक बार फिर किसान आंदोलन का मशाल फूंक रहे हैं।
हरियाणा के जींद में किसानों की बड़ी रैली
किसानों ने हरियाणा के जींद में एक बड़ी रैली करने की योजना बनाई है। ये रैली 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर होगी। जींद रैली में किसानों की ट्रैक्टर परेड भी निकाली जाएगी।संयुक्त किसान मोर्चा 26 जनवरी को हरियाणा के जींद में एक किसान महापंचायत का आयोजन करेगा। किसान 26 जनवरी को देशभर में अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन करेंगे। जिसके लिए पंजाब और हरियाणा में जमीनी स्तर पर संगठनात्मक संरचना देने के लिए किसान निकायों ने कई ग्राम-स्तरीय इकाइयों का गठन किया गया है।
जिंद रैली में उठेंगे किसानों के मुद्दे
हिसार के किसान नेता सुरेश कोठ का कहना है, किसानों ने एक बड़े आंदोलन को शुरू करने के लिए एक मजबूत संगठन के महत्व को महसूस किया है। उन्होंने कहा कि तीन कृषि बिल के खिलाफ हुए आंदोलन के दौरान जिंद एक प्रभावशाली भागीदारी के साथ केंद्र में उभरा था। उसकी भौगोलिक स्थिति को देखते हुए जींद हरियाणा में रैलियों के लिए एक आदर्श स्थान है।
इस रैली में किसान कई मुद्दों को उठाएंगे। इस दौरान न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर कानून बनाने की मांग को मजबूती के साथ उठाएंगे। वहीं जानकारी के मुताबिक इस रैली में किसान यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे हरियाणा के मंत्री संदीप सिंह को हटाने की भी मांग उठ सकती हैं।