नई दिल्ली: बिहार के जनता की समस्या का समाधान करने का उद्देश्य लेकर 5 जनवरी से समाधान यात्रा पर निकले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार यात्रा के क्रम में बुधवार को बक्सर पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चक्की प्रखंड के ही हेनवा गांव के वार्ड नंबर-11 में महादलित बस्ती का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने वहां लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनी। वर्तमान में सीएम नीतीश कुमार बक्सर के कठार का में पहुंचे हैं जहां वे विकास कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं। समाधान यात्रा का समापन 7 फरवरी को लखीसराय में होगी।
कठार में विकास कार्यों का जायजा लेने के दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि हम तो जनता के लिए हर रोज काम करते हैं। बिहार सरकार से किसान खुश है। हम हमेशा किसानों के लिए काम करते हैं और किसानों की समस्या दूर करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
तालाब और वहां लगाए गए स्टॉल का मुआयना भी किया
हेनवा गांव में मुख्यमंत्री ने वहां जल-जीवन हरियाली के तहत बने तालाब और वहां लगाए गए स्टॉल का मुआयना भी किया। हेनवा में सरकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए थे, वहां लोगों को योजनाओं का लाभ दिया गया। यहां से मुख्यमंत्री का कारवां कठार के लिए रवाना हो गया। मुख्यमंत्री के स्वागत में कठार उच्च विद्यालय को सजाया-संवारा गया था, वहां मुख्यमंत्री ने जैविक खेती का निरीक्षण किया।
सरकार किसानों को हर सुविधा मुहैया कराएगी- नीतीश कुमार
इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जैविक कृषि के विकास के लिए सरकार किसानों को हर सुविधा मुहैया कराएगी। इसके लिए व्यापक रोडमैप तैयार किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने कृषि विभाग द्वारा लगाए गए जैविक उत्पाद से संबंधित स्टॉल का निरीक्षण किया। इसके बाद वे जैविक तरीके से केले की खेती किए किसान प्रमोद कुमार सिंह के खेत में गए और उन्होंने इसके उत्पादन सहित कई अन्य बिंदुओं पर जानकारी हासिल की।कठार में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से जिला मुख्यालय के लिए रवाना हो गए।
गौरतलब है कि नीतीश कुमार की समाधान यात्रा 7 जनवरी से शुरू हुई, जो सात फरवरी तक चलेगी। समाधान यात्रा की शुरुआत पांच जनवरी (गुरुवार) से पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर के दरुआबारी गांव से हुई। यहां पर सीएम ने विकास कार्यों का जायजा लिया और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्या जानी। इसके साथ ही आपको बता दें कि समाधान यात्रा का समापन 7 फरवरी को लखीसराय में होगी।