IPL 2023: CSK ने ड्वेन ब्रावो को सौंपी नई जिम्मेदारी, इस भूमिका में देंगे टीम को जीत का मंत्र

नयी दिल्ली:इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का बिगुल बज चुका है। सभी फ्रेंचाईजी टीमों ने अपने रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की लिस्ट पहले ही जारी कर दी है, जबकि इसी महीने खिलाड़ियों के लिए मिनी ऑक्शन भी शुरू होना है. नीलामी से पहले आईपीएल की कई सारी टीमों ने अपनी टीम के लिए नए कोच नियुक्त कर दिए हैं। इसी कड़ी में CSK ने टीम के स्टार ऑलराउंडर खिलाड़ी ड्वेन ब्रावो को गेंदबाजी कोच नियुक्त कर दिया है।

ब्रावो देंगे गेंदबाजों को जीत का मंत्र

चेन्नई सुपर किंग्स ने IPL 2023के मिनी ऑक्शन से पहले अपने स्टार खिलाड़ी ड्वेन ब्रावो को रिलीज कर दिया था। जिसके बाद ब्रावो ने आईपीएल से रिटायरमेंट की घोषणा कर दी थी। उनके संन्यास के बाद टीम ने उन्हें बॉलिंग कोच की नई और बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी है। मैदान में अपनी तूफानी बल्लेबाजी और धारदार गेंदबाजी से विरोधी टीम के छक्के छुड़ा देने वाले ब्रावो अब महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली सीएसके के गेंदबाजों को जीत का मंत्र देते हुए नजर आएंगे।

कोच की भूमिका में उत्साहित हैं ब्रावो

ड्वेन ब्रावो चेन्नई सुपर किंग्स के लिए गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी मिलने पर काफी खुश और उत्साहित नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि, मैं इस नए सफर का इंतजार कर रहा हूं। यह ऐसा काम है जिसे मैं संन्यास के बाद करना चाहता हूं। मुझे गेंदबाजों के साथ काम करने में मजा आता है और मैं इस भूमिका को लेकर उत्साहित हूं।

आईपीएल में ब्रावो का प्रदर्शन

ड्वेन ब्रावो आईपीएल में कई फ्रेंचाईजी टीमों का हिस्सा रहे हैं। सीएसके से पहले वो मुंबई इंडियंस टीम के लिए भी खेल चुके हैं। उन्होंने 2008 में IPL के पहले सीजन में MI टीम के साथ डेब्यू किया था। अपने पूरे IPL करियर में ब्रावो ने 161 मैचों में 183 विकेट लिए हैं और लगभग 130 के स्ट्राइक रेट से 1560 रन भी बनाए हैं। ब्रावो 2011, 2018 और 2021 में सीएसके की आईपीएल खिताबी जीत और 2014 में चैंपियंस लीग टी20 विनर टीम का हिस्सा रहे हैं।

ब्रावो ने 2बार जीता IPL की पर्पल कैंप

ड्वेन ब्रावो ने अपने आईपीएल करियर में सबसे ज्यादा 144 मैच CSK के लिए ही खेले हैं। इन मुकाबलों में उन्होंने 168 बल्लेबाजों को अपनी गेंदबाजी का शिकार बनाया है। साथ ही ब्रावो 2013 और 2015 के आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेकर पर्पल कैप जीतने वाले पहले खिलाड़ी बने थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *