weather update in india: मानसून इस समय देश के कई हिस्सों में सक्रिय है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार, 19 अगस्त को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड समेत 16 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। दिल्ली-NCR में बादल छाए रहने के साथ हल्की फुहारें पड़ सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी जिलों में कुछ स्थानों पर 21 सेंटीमीटर से अधिक बहुत भारी बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में बने विक्षोभ और उत्तर भारत में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण बारिश का दौर तेज होने की संभावना है।
बिहार और झारखंड में भी भारी बारिश
IMD के मुताबिक, बारिश के लिए बना सिस्टम अगले 24 घंटे में झारखंड और बिहार से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा। इसके बाद इसके कमजोर होकर कम दबाव वाले क्षेत्र में बदलने की संभावना है। बिहार में 19 और 20 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है, जबकि झारखंड में 20 से 22 अगस्त तक बारिश का अनुमान है।
गंगा के मैदानी इलाकों में भी बुधवार को भारी बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। पूर्वी मध्य प्रदेश और उत्तराखंड के लिए बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-NCR से राजस्थान तक कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-NCR में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। यहां हल्की फुहारें पड़ सकती हैं, हालांकि तेज बारिश की संभावना कम है। हरियाणा और चंडीगढ़ में 19 और 22 अगस्त को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब में भी बारिश होने की संभावना है। नोएडा, गाजियाबाद समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 और 22 अगस्त को अच्छी बारिश हो सकती है। पूर्वांचल में 21 से 24 अगस्त के बीच तेज बारिश का अनुमान है। राजस्थान में हल्की बारिश होने की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में 24 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। कई इलाकों में आंधी, तूफान और बिजली गिरने की भी आशंका है। जम्मू-कश्मीर में 23 अगस्त तक बारिश जारी रहने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में शिमला, मनाली समेत ऊंचाई वाले इलाकों में 22 अगस्त तक बारिश हो सकती है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 18-19 अगस्त के बाद 23 और 24 अगस्त को भी बारिश के आसार हैं। मध्य प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 22 अगस्त तक आंधी, तूफान और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।
छत्तीसगढ़ में 21-22 अगस्त को बारिश हो सकती है। ओडिशा में 22 अगस्त तक आंधी, तूफान और वज्रपात का खतरा है। पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा समेत कई राज्यों में 24 अगस्त तक मौसम बदला रहेगा।
क्यों हो रही है इतनी बारिश?
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून ट्रफ का पश्चिमी सिरा अभी अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर है, जबकि पूर्वी सिरा सामान्य स्थिति के करीब है। उत्तरी हरियाणा, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पंजाब के ऊपर बने अतिरिक्त साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से इंडो-गैंगेटिक मैदानी इलाकों में बारिश और तेज होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में उत्तराखंड, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुछ हिस्सों में 21 सेंटीमीटर से ज्यादा बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में बारिश का केंद्र धीरे-धीरे पश्चिम की ओर बढ़ सकता है। इससे उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में सप्ताह के बाकी दिनों में मानसून सक्रिय रह सकता है।