नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने ISI समर्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ देशभर में बड़ा अभियान चलाया है। गृह मंत्री अमित शाह ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि 14 राज्यों में एक साथ ऑपरेशन चलाकर नेटवर्क से जुड़े 200 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान IED, ग्रेनेड, पिस्टल, जिंदा कारतूस और जासूसी के लिए इस्तेमाल होने वाले CCTV कैमरे भी बरामद किए गए हैं।
14 राज्यों में एक साथ ऑपरेशन
सुरक्षा एजेंसियों ने नेटवर्क से जुड़े संदिग्धों के ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की। सबसे ज्यादा गिरफ्तारियां उत्तर प्रदेश में हुईं। यहां 62 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा हरियाणा में 52, दिल्ली में 51 और पंजाब में 44 लोगों को पकड़ा गया।
राजस्थान में 15, महाराष्ट्र में 8 और उत्तराखंड में 5 गिरफ्तारियां हुईं। कर्नाटक, गुजरात और बिहार में 3-3, जबकि तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और केरल में 2-2 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
IED और पाकिस्तान की मार्किंग वाले ग्रेनेड मिले
बता दें कि ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए। इनमें IED, पिस्टल, जिंदा कारतूस और ग्रेनेड शामिल हैं। बरामद कुछ ग्रेनेड पर Pakistan Ordnance Factories की मार्किंग मिली है। इसके अलावा CCTV कैमरे भी मिले हैं, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर निगरानी और जासूसी के लिए किया जा रहा था।
एजेंसियों के मुताबिक, नेटवर्क से जुड़े लोग आतंकी गतिविधियों और देश में हिंसा फैलाने की साजिश में शामिल थे। स्वतंत्रता दिवस से पहले हुई इस कार्रवाई को संभावित आतंकी साजिशों को नाकाम करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
अमित शाह ने क्या कहा?
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने स्वतंत्रता दिवस से पहले ISI समर्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई कर उसके 200 से ज्यादा सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय सुरक्षा बलों ने 14 राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर एक साथ ऑपरेशन चलाकर नेटवर्क को ध्वस्त किया।
अमित शाह ने बरामद सामान का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें IED, पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री की मार्किंग वाले ग्रेनेड, पिस्तौल, जिंदा कारतूस और जासूसी के लिए इस्तेमाल होने वाले CCTV कैमरे शामिल हैं। उन्होंने इस कार्रवाई को आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस नीति का उदाहरण बताया।
80 से ज्यादा FIR दर्ज
शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ देशभर में अब तक 80 से ज्यादा FIR दर्ज हो चुकी हैं। ताजा अभियान के दौरान दिल्ली और कर्नाटक में नई FIR भी दर्ज की गई हैं। आरोपियों के खिलाफ UAPA, BNS, आर्म्स एक्ट, NDPS एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम जैसी गंभीर धाराओं में मामले दर्ज किए गए हैं।
इस मामले में जुलाई में महाराष्ट्र ATS ने शहजाद भट्टी के संपर्क में आए 102 लोगों से पूछताछ की थी। अब सुरक्षा एजेंसियां नेटवर्क से जुड़े संदिग्धों और उनके स्थानीय संपर्कों की भी जांच कर रही हैं। पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री की मार्किंग वाले ग्रेनेड मिलने के बाद नेटवर्क के कथित सीमा-पार कनेक्शन को लेकर जांच और महत्वपूर्ण हो गई है।