स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट, लाल किले की सुरक्षा में 12 हजार पुलिसकर्मी तैनात

delhi police

Delhi High Alert: (नई दिल्ली): स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठनों, खालिस्तानी तत्वों और स्नैप प्रोटेस्ट के खतरे को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने विशेष सुरक्षा प्लान तैयार किया है। लाल किले पर होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में करीब 24 हजार मेहमानों के शामिल होने की संभावना है। समारोह की सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस के साथ विभिन्न सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां भी निगरानी करेंगी।

लाल किले पर 1000 से ज्यादा AI कैमरों से निगरानी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाल किले पर होने वाले समारोह की सुरक्षा में करीब 12 हजार दिल्ली पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। लाल किले और उसके आसपास 1000 से अधिक AI आधारित CCTV कैमरे लगाए गए हैं। AI वीडियो एनालिटिक्स के जरिए रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके अलावा भीड़ प्रबंधन और संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था में QRT, SWAT कमांडो, स्नाइपर्स, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमें भी तैनात रहेंगी। साथ ही एक्सेस कंट्रोल और एंटी-सबोटाज चेकिंग की व्यापक व्यवस्था की जाएगी।

संवेदनशील इलाकों में बढ़ी निगरानी

स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए दिल्ली पुलिस वाहनों की सघन जांच करेगी। इसके साथ ही लगातार गश्त और पूरे सुरक्षा क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखी जाएगी। सरकारी प्रतिष्ठानों, संवेदनशील इलाकों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है।

खुफिया इनपुट के आधार पर लुटियन दिल्ली के लिए भी खास सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सड़कों पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों को निकाला जाएगा और इस दौरान चेकिंग व्यवस्था भी सख्त रहेगी।

लाल किले के आसपास पार्किंग और रूट की प्लानिंग

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करने और कई VVIP मूवमेंट को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। लाल किले की तरफ जाने वाले वाहनों के लिए रूट तैयार किया गया है। साथ ही आसपास पार्किंग को लेकर भी खास प्लानिंग की जा रही है।

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे। इस दौरान सरकार का विजन और उपलब्धियां देश के सामने रखी जाएंगी। समारोह को लेकर राजधानी में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *