नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में जूडो की महिला 63 किलोग्राम श्रेणी में कांस्य पदक जीतने पर भारतीय खिलाड़ी उन्नति शर्मा को बधाई दी है। पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, “जूडो में भारत के लिए और गौरव! कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिला 63 किग्रा श्रेणी में कांस्य पदक जीतने पर उन्नति शर्मा को बधाई। खेलों के दौरान उनकी प्रतिबद्धता और दृढ़ संकल्प साफ नजर आए। वे अपने आगामी प्रयासों में भी सफलता हासिल करती रहें।”
उन्नति शर्मा ने ग्लासगो में खेले गए कांस्य पदक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की स्काई नोएस्टर को महज एक मिनट सात सेकंड में इप्पोन के जरिए हराया। उन्होंने शानदार तकनीक का प्रदर्शन करते हुए विरोधी का संतुलन बिगाड़ा और उन्हें पीठ के बल पटककर मुकाबला तुरंत खत्म कर दिया। इससे पहले सेमीफाइनल में वे ऑस्ट्रेलिया की साया मिडलटन से हार गई थीं, लेकिन कांस्य पदक मुकाबले में उन्होंने जोरदार वापसी की।
जूडो में अब भारत के 4 पदक
इस पदक के साथ भारत की जूडो में पदक संख्या चार हो गई है। इससे पहले अस्मिता डे और हर्ष सिंह ने स्वर्ण पदक जीते थे, जबकि यामिनी मौर्य ने रजत पदक हासिल किया था। उन्नति ने टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की थी। राउंड ऑफ 16 में उन्होंने एस्वातिनी की लामुलेला मागागुला को इप्पोन से हराया और क्वार्टरफाइनल में न्यूजीलैंड की कोना क्रिस्टी को मात दी।
कौन हैं उन्नति शर्मा?
उन्नति शर्मा देहरादून से ताल्लुक रखती हैं और उनकी यह उपलब्धि भारतीय जूडो के लिए गर्व का क्षण है। प्रधानमंत्री के बधाई संदेश से पूरे देश में उत्साह का माहौल है। उनकी मेहनत और समर्पण युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। भारत कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन जारी रखे हुए है।