गंगटोक: सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन सुरंग में हुए लैंडस्लाइड के बाद राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। हादसे में अब तक 10 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि सुरंग के अंदर करीब 27 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली और केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए मुआवजे का भी ऐलान किया है।
27 लोगों के फंसे होने की आशंका
नामची की पुलिस अधीक्षक (SP) सोनम डोलमा ने बताया कि शुरुआती अनुमान के मुताबिक सुरंग के अंदर करीब 27 लोग फंसे हुए थे। हालांकि बचाव अभियान आगे बढ़ने के साथ यह संख्या बदल सकती है। उन्होंने बताया कि अब तक 10 शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें अधिकांश की पहचान हो चुकी है, जबकि तीन शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
एसपी के मुताबिक, जिन मृतकों की पहचान हुई है उनमें तीन पश्चिम बंगाल, एक उत्तराखंड, एक असम और एक नामची जिले का स्थानीय निवासी शामिल है। प्रशासन पीड़ितों के परिजनों से संपर्क कर शव सौंपने की प्रक्रिया पूरी कर रहा है।
राहत अभियान में जुटीं कई एजेंसियां
सोनम डोलमा ने कहा कि फिलहाल प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता राहत एवं बचाव अभियान को जल्द से जल्द पूरा करना है। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों पर अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी और इसकी विस्तृत जांच कराई जाएगी। विशेषज्ञों की रिपोर्ट के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने आएगी।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर NDRF की टीमें, सिक्किम पुलिस, फायर सर्विस, सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SSDMA) और अन्य संबंधित विभाग संयुक्त रूप से बचाव अभियान चला रहे हैं। रंगपो, पाकयोंग और सिंगतम की स्थानीय पुलिस सबसे पहले मौके पर पहुंची थी। लगातार हो रही भारी बारिश और सुरंग में पानी भरने से राहत कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं, जिसके बावजूद टीमें युद्धस्तर पर अभियान में जुटी हैं।
PM मोदी ने की CM तमांग से बात
हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से फोन पर बात कर हालात की जानकारी ली। मुख्यमंत्री तमांग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि प्रधानमंत्री ने नामची जिले के समरडुंग, झोलुंगे स्थित NHPC तीस्ता स्टेज-VI हाइड्रोइलेक्ट्रिक परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में हुए हादसे और चल रहे राहत अभियान की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की तथा केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उनके इस आश्वासन से राज्य के लोगों को कठिन समय में हिम्मत और भरोसा मिला है।
मुआवजे का किया ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि इस दुखद हादसे से वह बेहद व्यथित हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
अमित शाह ने भी दिया मदद का भरोसा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से फोन पर बात कर नामची सुरंग हादसे के बाद की स्थिति और राहत कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने बचाव अभियान में केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिया। गृह मंत्री ने कहा कि प्रभावित लोगों की मदद और राहत कार्यों में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।