नई दिल्ली: केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने गुरुवार को भलस्वा डंपिंग साइट का दौरा कर सफाई और वेस्ट प्रोसेसिंग कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अक्टूबर 2026 तक इस डंपसाइट को पूरी तरह खत्म करने का लक्ष्य है।
युद्धस्तर पर चल रहा काम
X पर पोस्ट कर खट्टर ने लिखा कि पिछले साल उन्होंने अक्टूबर 2026 तक डंपसाइट समाप्त करने का संकल्प लिया था। कूड़े के पहाड़ को खत्म करने के लिए वैज्ञानिक और आधुनिक तकनीकों से लेगेसी वेस्ट की प्रोसेसिंग तेज की गई है। पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, स्वास्थ्य सुरक्षा और नागरिक सुविधाएं बेहतर की जा रही हैं।
स्वच्छ भारत मिशन के विजन पर काम
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन के विजन को साकार करते हुए केंद्र सरकार दिल्ली को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त वातावरण देने के लिए प्रतिबद्ध है। तय समयसीमा में डंपसाइट का समापन सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम तेजी से उठाए जा रहे हैं।
70 एकड़ में फैला लैंडफिल ड्रोन से निगरानी
भलस्वा लैंडफिल दिल्ली के सबसे बड़े कूड़ा स्थलों में से एक है। यह 70 एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में फैला है और 1994 से समस्या बना हुआ है। एक समय यहां कूड़े का पहाड़ 60 मीटर ऊंचा हो गया था। अधिकारियों के मुताबिक दिल्ली नगर निगम बायो-माइनिंग तकनीक से पुराने कचरे को हटा रहा है। काम की निगरानी रोजाना ड्रोन सर्वे से की जा रही है और जमीन पर असर भी दिखने लगा है।