पानीपत में CM सैनी ने 80 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी, 7 करोड़ के बस डिपो का किया उद्घाटन

cm Nayab Singh Saini

पानीपत। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को पानीपत से सिटी इलेक्ट्रिक बस सर्विस का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने 5 जिलों के लिए 80 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही 7 करोड़ रुपये की लागत से बने इलेक्ट्रिक बस डिपो का भी उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पानीपत की पावन धरती से हरियाणा में ग्रीन पब्लिक ट्रांसपोर्ट का विस्तार हो रहा है। ये सिर्फ बसें नहीं, बल्कि प्रदेश के स्वच्छ, सुगम और आधुनिक परिवहन के भविष्य की शुरुआत है।

8 जिलों में बन रहे ई-बस डिपो

सीएम सैनी ने बताया कि प्रदेश के 8 जिलों में इलेक्ट्रिक बस डिपो का निर्माण कार्य जारी है। ई-बस सेवा से पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता कम होगी और प्रदूषण भी घटेगा। हरियाणा सिटी बस सर्विस शहरी जीवन को आसान और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए नई क्रांति ला रही है।

10 बड़े शहरों में सिटी बस सेवा

फिलहाल पानीपत, यमुनानगर, करनाल, पंचकूला और रोहतक समेत 10 बड़े शहरों में सिटी बस सेवा चल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नए हरियाणा की नई यात्रा और संकल्पों को पूरा करने की हमारी इच्छाशक्ति का प्रतीक है।

गुरुग्राम-फरीदाबाद के लिए 650 AC बसें

सीएम ने घोषणा की कि गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे महानगरों के लिए 650 स्टैंडर्ड फ्लोर AC बसें शुरू की जा रही हैं। इसके अलावा चंडीगढ़-दिल्ली एयरपोर्ट, गुरुग्राम और चंडीगढ़ से कटरा, सालासर, खाटू श्याम, हरिद्वार, अमृतसर जैसे धार्मिक स्थलों के लिए हरियाणा रोडवेज 50 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदेगा।

11 साल में 3000 से ज्यादा भर्तियां

मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा राज्य परिवहन को देश में श्रेष्ठ परिवहन सेवा माना जाता है। पिछले साढ़े 11 सालों में 2038 ड्राइवर और 1004 कंडक्टर नियमित पदों पर भर्ती किए गए हैं। भारी वाहनों के चालकों को ट्रेनिंग देने के लिए 7 नए चालक प्रशिक्षण संस्थान भी खोले गए हैं। सरकार परिवहन सेवाओं को लगातार आधुनिक बनाने पर ध्यान दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *