वॉशिंगटन: ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने बड़ा दावा किया है कि दोनों देशों के बीच घोषित सीजफायर अभी भी लागू है। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर यह समझौता टूटता है तो इसका परिणाम “बहुत बड़ा और स्पष्ट” होगा।
सीजफायर खत्म हुआ तो दिखेगा बड़ा असर’
वॉशिंगटन डीसी में मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि अगर सीजफायर टूटता है तो दुनिया को उसका असर तुरंत दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि हाल के तनाव के बावजूद समझौता अभी खत्म नहीं हुआ है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण से बाहर नहीं गई है।
उकसावे के बाद दिया गया जवाब’
ट्रंप ने दावा किया कि हाल की झड़पों में अमेरिकी सेना ने तेजी से जवाब दिया और विरोधी पक्ष को भारी नुकसान पहुंचाया। उन्होंने इसे “छोटी लेकिन जरूरी कार्रवाई” बताया और कहा कि अमेरिकी सेना ने स्थिति पर कड़ा नियंत्रण रखा।
होर्मुज स्ट्रेट के पास तनाव
रिपोर्ट के अनुसार, ‘हॉर्मुज़ की खाड़ी के पास अमेरिकी नौसेना के तीन युद्धपोतों पर मिसाइल, ड्रोन और छोटी नावों से हमला होने की बात सामने आई है। हालांकि अमेरिकी सेना का कहना है कि सभी हमलों को नाकाम कर दिया गया और किसी भी जहाज को नुकसान नहीं हुआ।
अमेरिकी जवाबी कार्रवाई का दावा
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, हमलों के जवाब में ईरानी सैन्य ठिकानों पर सटीक कार्रवाई की गई। ट्रंप ने भी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दावा किया कि जवाबी कार्रवाई में ईरानी हमलावरों को भारी नुकसान हुआ और कई छोटी नावें नष्ट कर दी गईं।
डील कभी भी हो सकती है’
ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान के साथ किसी समझौते की संभावना अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। उन्होंने संकेत दिया कि बातचीत किसी भी समय आगे बढ़ सकती है, लेकिन हालात पर निर्भर करेगा कि तनाव कम होता है या बढ़ता है।