कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार को ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिला, जब भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही राज्य में पहली बार बीजेपी की सरकार का गठन हो गया। कोलकाता के प्रतिष्ठित ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल आर. एन. रवि ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई केंद्रीय मंत्री, NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। समारोह को बीजेपी ने शक्ति प्रदर्शन के रूप में आयोजित किया, जिसमें हजारों समर्थकों की भीड़ उमड़ी।
विधायक दल की बैठक में लगी थी नाम पर मुहर
नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुक्रवार को शुरू हुई थी। कोलकाता में बीजेपी विधायक दल की बैठक आयोजित की गई, जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर्यवेक्षक और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी सह-पर्यवेक्षक के रूप में शामिल हुए। बैठक में सर्वसम्मति से शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद बीजेपी नेताओं ने राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश किया था।
शुभेंदु के साथ 5 मंत्रियों ने भी ली शपथ
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ बीजेपी के पांच नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडु और निशीथ प्रमाणिक शामिल हैं। बीजेपी ने मंत्रिमंडल गठन में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश की है।
बंगाल में पहली बार BJP की सरकार
2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 294 में से 207 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं 15 वर्षों से सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई। चुनाव परिणामों को राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
भवानीपुर और नंदीग्राम से शुभेंदु की बड़ी जीत
शुभेंदु अधिकारी ने इस चुनाव में दो अहम सीटों—भवानीपुर और नंदीग्राम—से जीत हासिल की। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, भवानीपुर सीट पर उन्होंने ममता बनर्जी को 15,105 वोटों से हराया। वहीं नंदीग्राम में भी उन्होंने शानदार जीत दर्ज करते हुए 1,27,301 वोट हासिल किए।
रिकॉर्ड मतदान ने बदली सियासी तस्वीर
इस विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया। पहले चरण में 93.19 प्रतिशत और दूसरे चरण में 91.66 प्रतिशत मतदान हुआ। दोनों चरणों को मिलाकर कुल मतदान प्रतिशत 92.47 रहा, जो राज्य के इतिहास में सबसे अधिक माना जा रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भारी मतदान और सत्ता विरोधी लहर ने बंगाल की राजनीति की दिशा बदल दी। लंबे समय से सत्ता में रही ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ जनता का रुझान साफ दिखाई दिया और बीजेपी ने पहली बार स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बना ली।
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए ये दिग्गज
समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, योगी आदित्यनाथ, देवेंद्र फडणवीस, मोहन यादव, भूपेंद्र पटेल, हिमंता बिस्वा सरमा, मोहन चरण माझी, चंद्रबाबू नायडू, प्रमोद सावंत, नायब सिंह सैनी, प्रेम सिंह तमांग, कोनराड संगमा समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, जयंत चौधरी, राम मोहन नायडू और बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।