Mumbai: भारतीय तटरक्षक बल ने एक बड़े ऑपरेशन के तहत मुंबई के पास तीन तेल टैंकरों को जब्त किया है, जो अमेरिका द्वारा प्रतिबंधित हैं और ईरान से जुड़े होने का संदेह है। यह कार्रवाई अवैध तेल व्यापार, विशेष रूप से ईरानी तेल की तस्करी और शिप-टू-शिप (जहाज से जहाज) ट्रांसफर को रोकने के लिए की गई है। मुंबई से लगभग 100 नॉटिकल मील (करीब 185 किमी) पश्चिम में भारत के विशेष आर्थिक क्षेत्र (Exclusive Economic Zone) में संदिग्ध गतिविधि का पता चला।
भारतीय अधिकारियों ने टेक-इनेबल्ड सर्विलांस, डेटा पैटर्न एनालिसिस, हवाई और समुद्री संसाधनों के समन्वित उपयोग से तीन जहाजों को इंटरसेप्ट किया। जहाजों को मुंबई बंदरगाह लाया गया, जहां सतत रुमेजिंग (तलाशी), इलेक्ट्रॉनिक डेटा सत्यापन, दस्तावेज जांच और क्रू से पूछताछ के बाद अपराधियों की मॉडस ऑपरेंडी का खुलासा हुआ।
इन जहाज़ों को पकड़ा
ज़ब्त किए गए तीनों जहाजों के नाम Stellar Ruby, Asphalt Star और Al Jafzia हैं। ये ‘शैडो फ्लीट’ का हिस्सा माने जाते हैं, जो प्रतिबंधों से बचने के लिए बार-बार नाम, झंडा और पहचान बदलते हैं। उनके मालिक विदेशी हैं और ये अक्सर तटीय देशों की निगरानी से बचते रहे हैं। अमेरिका के ऑफिस ऑफ फॉरेन असेट्स कंट्रोल (OFAC) ने 2025 में इन जहाजों (या उनके पिछले नामों जैसे Global Peace, Chil 1, Glory Star 1) पर प्रतिबंध लगाए थे, क्योंकि ये ईरानी तेल की ढुलाई में शामिल थे। Stellar Ruby ईरानी झंडे के साथ चल रहा था।
समुद्र में भारत की निगरानी तेज
यह कार्रवाई भारत की समुद्री सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों के अनुपालन को मजबूत करने का संकेत है। सूत्रों के अनुसार, भारत ने अपने समुद्री क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।55 जहाज और 10-12 विमान 24×7 तैनात हैं, ताकि अवैध व्यापार रोका जा सके। यह अमेरिका-भारत संबंधों में सुधार के बीच हुआ, जहां दोनों देश ईरानी तेल तस्करी पर सख्त हैं।
ईरान ने इनकार किया
ईरान की नेशनल ईरानियन ऑयल कंपनी (NIOC) ने स्पष्ट कहा कि जब्त जहाजों या उनके कार्गो से उनका कोई संबंध नहीं है। ईरानी मीडिया और अधिकारी इसे झूठा आरोप बताते हैं। जांच जारी है, जिसमें जहाजों के कार्गो (संभावित ईरानी फ्यूल ऑयल), क्रू और नेटवर्क की गहराई से जांच हो रही है।यह घटना वैश्विक ‘शैडो फ्लीट’ के खिलाफ भारत की पहली बड़ी कार्रवाई है, जो ईरान, रूस और वेनेजुएला जैसे देशों के प्रतिबंधित तेल को छिपाकर बेचने के लिए इस्तेमाल होती है। इससे भारत की समुद्री संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय सहयोग मजबूत हुआ है, लेकिन क्षेत्रीय तनाव बढ़ने की आशंका भी है।