फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों पहुंचे भारत, PM मोदी से होगी द्विपक्षीय वार्ता

Emmanuel Macron in India: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों तीन दिवसीय भारत दौरे मुंबई पहुंच चुके हैं। यह दौरा 17 से 19 फरवरी तक चलेगा, जो भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। मैक्रों और उनकी पत्नी ब्रिजिट मैक्रों सोमवार रात मुंबई पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत हुआ। छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उनका अभिनंदन किया। मुंबई के बैंड्रा-वर्ली सी लिंक को फ्रांस के रंगों (नीला, सफेद, लाल) में रोशन किया गया, और शहर भर में पोस्टर्स, होर्डिंग्स तथा स्वागत संदेशों से उनका स्वागत किया गया। यह मैक्रों का भारत का चौथा और मुंबई का पहला दौरा है।

आज पीएम मोदी से होगी मुलाक़ात

आज दोपहर करीब 3:15 बजे लोक भवन, मुंबई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी द्विपक्षीय मुलाकात होगी। पीएम मोदी ने मैक्रों का स्वागत करते हुए कहा, “भारत आपकी यात्रा का स्वागत करता है। हम द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए उत्सुक हैं।” उन्होंने विश्वास जताया कि यह वार्ता विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देगी और वैश्विक प्रगति को नई दिशा प्रदान करेगी।

बैठक में भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा होगी, जिसमें नए उभरते क्षेत्रों जैसे रक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा, जलवायु परिवर्तन, शिक्षा, स्किलिंग और आपूर्ति श्रृंखला में सहयोग पर फोकस रहेगा। इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की सुरक्षा, वैश्विक मुद्दों और क्षेत्रीय चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श होगा।

इन समझौतों पर हो सकते हैं हस्ताक्षर

बैठक के दौरान कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है, जिनमें रक्षा क्षेत्र प्रमुख है। चर्चा में 114 राफेल फाइटर जेट्स की संभावित डील (मेक इन इंडिया के तहत), हेलीकॉप्टर फाइनल असेंबली लाइन, HAMMER मिसाइल्स और अन्य रक्षा उपकरणों पर बात होगी। व्यापार, स्वास्थ्य, क्रिटिकल मिनरल्स और AI सहयोग भी एजेंडा पर हैं। मुलाकात के बाद दोनों नेता संयुक्त प्रेस स्टेटमेंट देंगे।

शाम 5 बजे इस कार्यक्रम में होंगे शामिल

शाम करीब 5:15 बजे पीएम मोदी और मैक्रों ‘India-France Year of Innovation 2026’ का संयुक्त उद्घाटन करेंगे। यह Horizon 2047 रोडमैप का हिस्सा है, जो स्टार्टअप्स, शोधकर्ताओं, बिजनेस लीडर्स और इनोवेटर्स को एक मंच प्रदान करेगा। वे बिजनेस लीडर्स, स्टार्टअप्स और इनोवेटर्स के समूह को संबोधित करेंगे। शाम को गेटवे ऑफ इंडिया पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होगा।

दिल्ली के इंडिया इम्पैक्ट समिट में भाग लेंगे मैक्रों

मुंबई के बाद मैक्रों दिल्ली जाएंगे, जहां वे India AI Impact Summit 2026 में भाग लेंगे। यह दौरा दोनों देशों के बीच गहरे विश्वास, तकनीकी सहयोग और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करेगा, जो वैश्विक चुनौतियों के दौर में महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *