महराजगंज (उप्र): महराजगंज जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस विभाग के एक निरीक्षक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। यह दुर्घटना महराजगंज–गोरखपुर मार्ग पर श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कतरारी इलाके में हुई।
चालक को झपकी आने से हुए हादसा
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गोरखपुर से पुलिस की एक टीम कुशीनगर में दबिश देकर वापस लौट रही थी। सुबह करीब साढ़े पांच बजे वाहन चालक को संभवतः झपकी आ जाने के कारण गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसे में वाहन में सवार सभी छह पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
एसआई की मौत
घायलों को तत्काल गोरखपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 50 वर्षीय निरीक्षक संतोष कुमार की मौत हो गई। अन्य घायलों में वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश चंद्र कुशवाहा, निरीक्षक गीता, वाहन चालक तथा दो अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।