नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में कीमती धातुओं ने बुधवार को लगातार दूसरे दिन तेजी दिखाई। इस दौरान चांदी की कीमतें 2.98 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गईं, जबकि सोना 1.65 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। बाजार विश्लेषकों के अनुसार, मजबूत वैश्विक रुख और डॉलर में कमजोरी के कारण निवेशकों ने सुरक्षित निवेश की ओर रुख किया।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमतें 14,300 रुपये या 5.03 प्रतिशत बढ़कर 2,98,300 रुपये प्रति किलोग्राम हो गईं, जबकि पिछली सत्र में यह 2,84,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी तेजी के साथ 7,400 रुपये या 4.69 प्रतिशत बढ़कर 1,65,100 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया, जो मंगलवार को 1,57,700 रुपये था।
विश्लेषकों की राय
लेमन मार्केट्स के शोध विश्लेषक गौरव गर्ग ने कहा, “सोने और चांदी ने बुधवार को अपनी तेजी जारी रखी। सोने की कीमतें तीन प्रतिशत से अधिक बढ़ीं और लगभग 1.6 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गईं, जबकि चांदी में अस्थिरता और सुधार के बाद कारोबार के दौरान छह प्रतिशत तक उछाल आया।”
अंतरराष्ट्रीय बाजार और भू-राजनीतिक असर
अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर चांदी 4.28 डॉलर प्रति औंस, या 5.03 प्रतिशत बढ़कर 89.35 डॉलर प्रति औंस हो गई, जबकि सोना 1,003 डॉलर, या 2.02 प्रतिशत बढ़कर 5,047.07 डॉलर प्रति औंस हो गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ी, जिससे सोना और चांदी दोनों में तेजी देखने को मिली। उन्होंने कहा कि आगामी अमेरिका-ईरान परमाणु वार्ता की उम्मीदों में कमी और संभावित टकराव के कारण सोने पर जोखिम प्रीमियम बढ़ सकता है।