सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान, होली और दिवाली पर पात्र राशन कार्ड धारकों को मिलेगा मुफ्त LPG सिलेंडर

cm Rekha Gupta

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भाजपा के एक और चुनावी वादे को पूरा करने की घोषणा करते हुए मंगलवार को कहा कि होली और दिवाली के अवसर पर वैध राशन कार्ड धारक परिवारों को मुफ्त एलपीजी गैस सिलेंडर दिया जाएगा। उन्होंने यह घोषणा अपने नेतृत्व में हुई दिल्ली कैबिनेट की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में की।

कैबिनेट ने राशि अंतरित करने का लिया फैसला

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली कैबिनेट ने एक एलपीजी सिलेंडर की कीमत के तौर पर 853 रुपये अंतरित करने का निर्णय लिया है। यह राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) प्रणाली के माध्यम से पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में डाली जाएगी। वर्तमान में दिल्ली में एलपीजी सिलेंडर की कीमत 853 रुपये है।

पीएनजी उपभोक्ताओं को भी मिलेगा लाभ

सीएम रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि पाइप नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन का उपयोग करने वाले पात्र राशन कार्ड धारकों को भी इस योजना का लाभ दिया जाएगा। सरकार ने इस मुफ्त गैस सिलेंडर योजना के लिए 242 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।

उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए अलग सहायता

दिल्ली मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के अंतर्गत आने वाले लाभार्थियों को प्रति गैस सिलेंडर 553 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। यह राशि केंद्र सरकार द्वारा दी जा रही 300 रुपये प्रति सिलेंडर की सब्सिडी को समायोजित करने के बाद तय की गई है। वहीं, उज्ज्वला योजना के अंतर्गत नहीं आने वाले पात्र राशन कार्डधारक परिवारों को 853 रुपये प्रति सिलेंडर की सहायता प्रदान की जाएगी।

चुनावी वादों की पूर्ति का दावा

मुख्यमंत्री रेखा ने कहा कि आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना लागू करने, आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोलने और जरूरतमंदों को मात्र पांच रुपये में भोजन उपलब्ध कराने के लिए अटल कैंटीन स्थापित करने के बाद अब यह योजना भी लागू की जा रही है।
भाजपा के घोषणापत्र में होली और दिवाली पर मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने के साथ-साथ जरूरतमंद परिवारों को 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का वादा भी किया गया था, हालांकि यह वादा अभी पूरा नहीं हो सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *