गाजियाबाद: गाजियाबाद के साहिबाबाद इलाके में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक घटना में नौवीं मंजिल स्थित फ्लैट की बालकनी से कथित तौर पर कूदने से तीन नाबालिग बहनों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मामले में ऑनलाइन गेम की लत से जुड़े पहलू की भी जांच की जा रही है।
देर रात मिली घटना की सूचना
सहायक पुलिस आयुक्त (शालीमार गार्डन) अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को मंगलवार रात करीब 2.15 बजे सूचना मिली कि टीला मोड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत भारत सिटी स्थित एक टावर में तीन लड़कियों ने नौवीं मंजिल से छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
तीनों बहनें थीं नाबालिग
पुलिस के अनुसार, मृतक लड़कियां स्थानीय निवासी चेतन कुमार की बेटियां थीं। उनकी पहचान निशिका (16 वर्ष), प्राची (14 वर्ष) और पाखी (12 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि तीनों बहनें इमारत के भूतल पर गिरी थीं और गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं।
अस्पताल में किया गया मृत घोषित
आपको बता दें कि घटना के बाद तीनों को एम्बुलेंस की मदद से लोनी स्थित एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
ऑनलाइन कोरियन गेम की लत की जांच
सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें एक ऑनलाइन कोरियन गेम ‘लव गेम’ की आदी थीं। पुलिस के मुताबिक, बच्चियों के माता-पिता उनके अत्यधिक गेम खेलने पर आपत्ति जताते थे। बताया गया कि कोविड-19 के दौरान वे ऑनलाइन गेमिंग की आदी हो गई थीं और अक्सर लगातार गेम खेला करती थीं।
जांच और कानूनी कार्रवाई जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या थे।