CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोंडा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा को उत्तर प्रदेश के लिए अभिशाप बताते हुए आरोप लगाया कि जब-जब पार्टी सत्ता में आई, प्रदेश में अराजकता और अव्यवस्था का माहौल बना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 520 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 69 विकास परियोजनाओं का शुभारंभ भी किया।
सपा सरकार पर खाद्यान्न घोटाले का आरोप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में गोंडा में हुए खाद्यान्न घोटाले का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में यहां सबसे बड़ा खाद्यान्न घोटाला हुआ था। सीएम योगी ने कहा कि सपा जब भी सत्ता में आई, प्रदेश में अराजकता का माहौल पैदा हुआ।
पहले सैफई तक सीमित रहता था विकास
सीएम योगी ने पिछली सरकारों पर विकास कार्यों में भेदभाव करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले विकास कुछ चुनिंदा क्षेत्रों तक ही सीमित रहता था और सैफई जैसे स्थानों को प्राथमिकता दी जाती थी। इसके विपरीत, मौजूदा सरकार प्रदेश के सभी 75 जिलों, 350 तहसीलों, 825 विकास खंडों और 762 नगरीय निकायों में विकास कार्य करा रही है। सीएम योगी ने कहा कि सरकार बड़ी-बड़ी योजनाओं को जमीन पर उतार रही है और विकास का लाभ प्रदेश के सभी क्षेत्रों तक पहुंचाया जा रहा है।
गोंडा, बहराइच और बलरामपुर को भी मिल रही बिजली
बिजली आपूर्ति का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बिजली केवल रामपुर या सैफई तक सीमित नहीं है। गोंडा, बहराइच और बलरामपुर जैसे जिलों को भी बिजली मिल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों को मुफ्त राशन उपलब्ध करा रही है और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा रहा है।
इससे पहले गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि सपा ने अपने चार कार्यकाल के दौरान 1500 बार दंगे करवाए।
भाजपा को बताया आस्था का प्रतीक
भाजपा और विपक्षी दलों के बीच अंतर बताते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा का अर्थ आस्था है। उन्होंने कहा कि पार्टी लोगों की आस्था का सम्मान करने और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने इन दलों को अपराध और कुशासन का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।