(नई दिल्ली): दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने शुक्रवार को घोषणा की कि राजधानी के स्कूलों की 10,000 कक्षाओं में हवा को साफ रखने के लिए ‘एयर प्यूरीफायर’ लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए दीर्घकालिक और प्रशासनिक उपायों पर गंभीरता से काम कर रही है।
चरणबद्ध तरीके से होगी व्यवस्था
संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सूद ने बताया कि दिल्ली में कुल 38,000 कक्षाएं हैं और इनमें चरणबद्ध तरीके से एयर प्यूरीफायर लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा “हम चाहते हैं कि हमारे बच्चे स्मार्ट तरीके से पढ़ाई करें और स्वच्छ हवा में सांस लें। पहले चरण में 10,000 कक्षाओं में एयर प्यूरीफायर लगाए जाएंगे।”
आप सरकार पर किया कटाक्ष
शिक्षा मंत्री ने पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा हम वे नहीं हैं जो आईआईटी की डिग्री दिखाते हैं और ‘सम-विषम’ या ‘गाड़ी ऑन, गाड़ी ऑफ’ जैसे अभियानों का प्रचार करते हैं। हम प्रदूषण की समस्या को दीर्घकालिक प्रशासनिक उपायों के जरिए हल कर रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप सरकार ने वर्ष 2016 में दो बार सम-विषम योजना लागू की थी। यह योजना निजी चार पहिया वाहनों की संख्या के आधार पर ट्रैफिक को नियंत्रित करने और प्रदूषण कम करने के उद्देश्य से लागू की गई थी।
दिल्ली में 1,047 सरकारी स्कूल
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में 1,047 सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल हैं। सरकार का उद्देश्य इन स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को बेहतर और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है।
मैकेनिकल रोड स्वीपर भी खरीदे जाएंगे
शहरी मामलों के मंत्री आशीष सूद ने यह भी बताया कि लोक निर्माण विभाग (PWD) पर्यावरण उपकर (Environmental Cess) का उपयोग करते हुए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए ‘मैकेनिकल रोड स्वीपर’ खरीदेगा। इससे सड़कों पर जमी धूल को साफ करने में मदद मिलेगी और वायु प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सकेगा।