Civil Aviation Ministry advisory: (नई दिल्ली): दिल्ली हवाई अड्डे पर शुक्रवार को घने कोहरे के कारण उड़ान परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। अधिकारियों के अनुसार, कम से कम 79 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जबकि 230 से अधिक उड़ानों में देरी दर्ज की गई। यह स्थिति यात्रियों के लिए गंभीर असुविधा का कारण बनी।
230 से अधिक उड़ानों में देरी
उड़ानों की स्थिति की जानकारी देने वाली वेबसाइट फ्लाइटरडार24 डॉट कॉम के अनुसार, दिल्ली हवाई अड्डे पर प्रस्थान करने वाली उड़ानों में औसतन 49 मिनट की देरी हुई। अधिकारियों ने बताया कि रद्द की गई उड़ानों में कुछ अंतरराष्ट्रीय सेवाएं भी शामिल हैं। इससे बड़ी संख्या में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
CAT-III प्रणाली के तहत संचालन जारी
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा घने कोहरे के कारण उड़ान संचालन CAT-III (श्रेणी-तृतीय) प्रणाली के तहत जारी है। आगमन और प्रस्थान दोनों हो रहे हैं, लेकिन कुछ उड़ानों में देरी या व्यवधान संभव है। डीआईएएल ने यह भी कहा कि अधिकारी यात्रियों की सहायता के लिए सभी टर्मिनलों पर मौजूद हैं और सभी संबंधित हितधारकों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
सिविल एविएशन मिनिस्ट्री और एयरलाइंस ने जारी की एडवाइजरी
नागरिक उड्डयन मंत्रालय (Civil Aviation Ministry) और देश की प्रमुख एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि कम दृश्यता के कारण कुछ उड़ानें रद्द या डायवर्ज की जा सकती हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति एयरलाइन से जांचें और अनावश्यक यात्रा से बचें। इंडिगो, एयर इंडिया, विस्तारा और अकासा एयर जैसी एयरलाइंस ने भी सोशल मीडिया और अपनी आधिकारिक वेबसाइटों के माध्यम से यात्रियों को सतर्क किया।
हवाई यातायात पर असर और सावधानियां
एयरलाइंस ने बताया कि केवल CAT-III इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS) से लैस विमानों को ही बेहद कम दृश्यता में लैंडिंग की अनुमति दी जा सकती है, जिससे उड़ानों की संख्या सीमित रह सकती है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट समय पर पहुंचे, वेब चेक-इन का इस्तेमाल करें और उड़ानों के अपडेट पर नजर रखें।
व्यस्ततम हवाई अड्डा प्रभावित
दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा देश का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है, जहां सामान्य परिस्थितियों में प्रतिदिन लगभग 1,300 उड़ानों का संचालन होता है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत में घना कोहरा बना रह सकता है, जिससे उड़ानों में देरी और रद्द होने की समस्या जारी रहने की संभावना है। यात्रियों को धैर्य बनाए रखने, यात्रा से पहले एयरलाइन अपडेट चेक करने और सभी आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।