वंदे मातरम् बहस के दौरान हरियाणा विधानसभा में हंगामा, कांग्रेस के 9 विधायक निलंबित

Vande Mataram debate Haryana Assembly: (चंडीगढ़): हरियाणा विधानसभा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संबोधन के दौरान भारी हंगामा हो गया। ‘वंदे मातरम्’ पर चल रही बहस के बीच कांग्रेस विधायकों के विरोध के चलते विधानसभा अध्यक्ष ने कांग्रेस के नौ विधायकों को सदन से निलंबित कर बाहर कर दिया। हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही प्रभावित रही और गतिरोध की स्थिति बनी रही।

वंदे मातरम् पर बहस के दौरान बढ़ा विवाद

विधानसभा में शून्यकाल के बाद विधायक घनश्याम की ओर से ‘वंदे मातरम्’ पर चर्चा का प्रस्ताव रखा गया था। विधानसभा अध्यक्ष द्वारा प्रस्ताव को स्वीकार किए जाने के बाद इस पर बहस शुरू हुई। इसी दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सदन को संबोधित कर रहे थे।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि मुस्लिम लीग और मोहम्मद अली जिन्ना के दबाव में कांग्रेस ने वंदे मातरम् से जुड़े कुछ शब्द हटाए थे। मुख्यमंत्री के इस बयान पर कांग्रेस विधायकों ने तीखी आपत्ति जताई और सदन में जोरदार विरोध शुरू कर दिया।

वेल में आकर कांग्रेस विधायकों का विरोध

मुख्यमंत्री के बयान के बाद कांग्रेस विधायक वेल में आ गए और नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। हंगामा बढ़ने पर विधानसभा अध्यक्ष ने सदन में व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की।

9 कांग्रेस विधायक सदन से निष्कासित

हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने कांग्रेस के कुल नौ विधायकों को सदन से निष्कासित करने की घोषणा की। निष्कासित किए गए विधायकों में गीता भुक्कल, जस्सी पेटवाल, इंदु राज नरवाल, अशोक अरोड़ा, कुलदीप वत्स, बलराम बांगी और शकुंतला खटक शामिल हैं। इसके अलावा विकास सहारण और नरेश सेलवाल को भी सदन से बाहर किया गया। अध्यक्ष ने मार्शलों को निर्देश दिए कि निष्कासित विधायकों को सदन से बाहर किया जाए। इस दौरान कांग्रेस विधायक नारेबाजी करते रहे और सदन का माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *