(अदीस अबाबा): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इथियोपिया में आयोजित एक स्वागत समारोह में इथियोपियाई गायकों द्वारा प्रस्तुत ‘वंदे मातरम्’ को “मन को छू लेने वाली” करार दिया। इस समारोह का आयोजन इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने किया था।
पीएम मोदी ने साझा किया वीडियो
प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें इथियोपियाई तीन गायक भारतीय राष्ट्रगीत गाते दिख रहे हैं। वीडियो में मोदी और भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य उत्साहपूर्वक तालियां बजाते हुए दिखाई दिए।
वंदे मातरम् का 150वां वर्ष
मोदी ने पोस्ट में लिखा, “कल प्रधानमंत्री अबी अहमद अली द्वारा आयोजित रात्रिभोज में, इथियोपियाई गायकों ने ‘वंदे मातरम्’ की एक अद्भुत प्रस्तुति दी। यह ऐसे समय में एक गहरा भावनात्मक क्षण था जब हम ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहे हैं।”
प्रधानमंत्री मोदी चार दिन की विदेश यात्रा पर हैं। वह मंगलवार को जॉर्डन से अदीस अबाबा पहुंचे थे और यहां से ओमान के लिए रवाना होंगे। इस यात्रा के दौरान मोदी ने विभिन्न द्विपक्षीय और बहुपक्षीय कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
इस कार्यक्रम के माध्यम से भारत और इथियोपिया के बीच सांस्कृतिक और कूटनीतिक संबंधों को भी सुदृढ़ किया गया। भारतीय राष्ट्रीय गीत की इस अंतरराष्ट्रीय प्रस्तुति ने दोनों देशों के बीच मित्रता और सम्मान के प्रतीक के रूप में महत्वपूर्ण संदेश दिया।