पहलगाम आतंकी हमला: NIA आज दाखिल करेगी चार्जशीट

NIA

NIA files chargesheet: (नई दिल्ली): राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) पहलगाम आतंकवादी हमले के मामले में सोमवार को आरोपपत्र दाखिल करेगा। अधिकारियों के अनुसार, आरोपपत्र जम्मू स्थित एनआईए की विशेष अदालत में प्रस्तुत किया जाएगा।

हमले में 26 लोगों की हुई थी मौत

22 अप्रैल को पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने जम्मू-कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में भीषण हमला किया था। इस हमले में 26 निर्दोष नागरिकों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। इस घटना के बाद देशभर में आक्रोश फैल गया था और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक स्तर पर जांच शुरू की थी।

जांच में तीन आतंकियों की भूमिका उजागर

एनआईए की विस्तृत जांच में हमले में तीन आतंकवादियों की प्रत्यक्ष संलिप्तता सामने आई है। जांच एजेंसी के अनुसार, ये तीनों आतंकी पाकिस्तान के नागरिक थे और प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े हुए थे।

एनआईए ने जून में इस मामले में दो स्थानीय व्यक्तियों परवेज अहमद जोथर (बटकोट) और बशीर अहमद जोथर (पहलगाम) को गिरफ्तार किया था। इन पर आतंकवादियों को शरण देने, उन्हें भोजन उपलब्ध कराने और अन्य रसद सहायता देने का आरोप है। पूछताछ के दौरान दोनों ने हमलावरों की पहचान की थी।

‘ऑपरेशन महादेव’ में मारे गए आतंकी

हमले के बाद आतंकी दाचीगाम–हरवन के जंगल क्षेत्र में छिपे हुए थे। सुरक्षा बलों ने 28 जुलाई को श्रीनगर के बाहरी इलाके में ‘ऑपरेशन महादेव’ के तहत मुठभेड़ में तीनों आतंकवादियों को मार गिराया था।

जवाबी कार्रवाई में चला ‘ऑपरेशन सिंदूर’

पहलगाम हमले के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों ने सात मई को पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों पर सटीक हमले किए थे। इस अभियान को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया था, जिसके तहत लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के मुख्यालयों और प्रशिक्षण केंद्रों समेत नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *