आज से दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर हैं पीएम मोदी, G20 शिखर सम्मेलन में भारत का दृष्टिकोण करेंगे पेश

PM Modi

PM Modi South Africa visit: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका की तीन दिवसीय यात्रा पर है जहां वह जोहानिसबर्ग में होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। प्रस्थान से पहले उन्होंने कहा कि वह ‘वसुधैव कुटुंबकम’ तथा ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’ की भावना के अनुरूप भारत का दृष्टिकोण विश्व के सामने रखेंगे। यह पहली बार है जब जी20 शिखर सम्मेलन अफ्रीकी महाद्वीप में आयोजित किया जा रहा है।

G20 पहली बार अफ्रीका में आयोजित

मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा मैं जोहानिसबर्ग, दक्षिण अफ्रीका में आयोजित होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने जा रहा हूं। यह शिखर सम्मेलन विशेष महत्व रखता है क्योंकि इसका आयोजन अफ्रीका में हो रहा है। इसमें अनेक वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। शिखर सम्मेलन के दौरान मैं विश्व के विभिन्न नेताओं से मुलाकात करूंगा। शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री की कुछ विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें होने की भी संभावना है।

आईबीएसए शिखर सम्मेलन में भी लेंगे हिस्सा

पीएम मोदी अपने प्रवास के दौरान छठे आईबीएसए (भारत-ब्राजील-दक्षिण अफ्रीका) शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे। यात्रा से पहले जारी अपने वक्तव्य में उन्होंने कहा कि वह भारत का दृष्टिकोण उन आदर्शों के अनुरूप रखेंगे, जो दुनिया को एक परिवार मानते हैं।

दक्षिण अफ्रीका के निमंत्रण पर 21–23 नवंबर तक दौरा

प्रधानमंत्री रामफोसा के निमंत्रण पर मोदी 21 से 23 नवंबर तक दक्षिण अफ्रीका में रहेंगे और जी20 नेताओं के 20वें शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। पीएम मोदी ने कहा कि भारत की जी20 अध्यक्षता (2023) के दौरान अफ्रीकी संघ को जी20 की सदस्यता प्रदान की गई थी, जिससे इस वर्ष का सम्मेलन और अधिक ऐतिहासिक महत्व रखता है।

महत्वपूर्ण वैश्विक विषयों पर विचार-विमर्श

पीएम मोदी ने कहा कि यह शिखर सम्मेलन विभिन्न देशों को समानता, स्थिरता और एकजुटता जैसे मुद्दों पर साथ आने का अवसर प्रदान करेगा। इस वर्ष जी20 की थीम “एकजुटता, समानता और स्थिरता” है, जिसका उद्देश्य नई दिल्ली और रियो डी जेनेरियो में हुए पिछले सम्मेलनों के निष्कर्षों को आगे बढ़ाना है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी शिखर सम्मेलन के सभी तीन सत्रों को संबोधित करेंगे। मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि घोषणापत्र का पूर्वानुमान लगाना उचित नहीं है, लेकिन भारत और ग्लोबल साउथ से जुड़े सभी महत्वपूर्ण मुद्दे भारत की ओर से प्रमुखता से उठाए जाएंगे। जी20 में अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मेक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्किये, ब्रिटेन, अमेरिका, यूरोपीय संघ और अफ्रीकी संघ शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *