सीएम रेखा गुप्ता ने किया दिल्ली की पहली ‘अटल’ कैंटीन का शिलान्यास, जानें कैसे मिलेगा दो समय का खाना

Delhi first ‘Atal’ Canteen: (नई दिल्ली): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को तिमारपुर इलाके में पहली ‘अटल’ कैंटीन का शिलान्यास किया। यह भाजपा द्वारा किए गए चुनावी वादों में से एक को पूरा करने का प्रतीक है। अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर 100 ‘अटल’ कैंटीन खोलने की योजना बनाई है।

पहली ‘अटल’ कैंटीन का शिलान्यास संजय बस्ती स्थित जेजे क्लस्टर में किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ शहरी विकास मंत्री आशीष सूद सांसद मनोज तिवारी और स्थानीय विधायक सूर्य प्रकाश खत्री भी उपस्थित थे। सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा केवल आठ महीनों में, दिल्ली के साथ किए गए एक और वादे को पूरा करने के लिए एक मजबूत कदम उठाया गया है। राजधानी में 100 ‘अटल कैंटीन’ का व्यापक नेटवर्क स्थापित किया जाएगा ताकि यह सुविधा हर जरूरतमंद व्यक्ति तक आसानी से और समय पर पहुंचे।

दो समय का खाना सिर्फ 5 रुपये में

अटल कैंटीन योजना के तहत प्रत्येक व्यक्ति को दोपहर और रात दोनों समय भोजन केवल 5 रुपये में उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल भाजपा सरकार की मध्यम वर्ग और जरूरतमंद परिवारों के प्रति सम्मान का उदाहरण है।

पहली कैंटीन का उद्घाटन और भविष्य की योजना

मुख्यमंत्री ने बताया कि पहली ‘अटल’ कैंटीन का उद्घाटन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर 25 दिसंबर को किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा भारतीय जनता पार्टी ने अपने संकल्प पत्र में दिल्ली के जरूरतमंद नागरिकों से जो वादा किया था, आज वह धरातल पर उतर रहा है। जे.जे. क्लस्टर, संजय बस्ती, तिमारपुर में पहली अटल कैंटीन का शिलान्यास हो रहा है। यहां दोपहर और रात दोनों समय सिर्फ 5 रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *