सऊदी अरब के मदीना में भीषण बस दुर्घटना, 40 भारतीय की हुई मौत

Madina Bus Accident: सऊदी अरब के मदीना में रविवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें उमराह करने गए कई भारतीय श्रद्धालुओं के मारे जाने की आशंका है। बस में करीब 40 भारतीय यात्री सवार थे, जिनमें से अधिकांश तेलंगाना से बताए जा रहे हैं। भारतीय समयानुसार यह हादसा रात लगभग डेढ़ बजे हुआ, जब बस कथित रूप से एक तेल टैंकर से जा टकराई।

भारतीय दूतावास ने स्थापित किया कंट्रोल रूम

घटना के बाद जेद्दा स्थित भारतीय मिशन ने तुरंत सहायता और समन्वय के लिए एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। दूतावास स्थानीय प्रशासन और अस्पतालों के संपर्क में है। रूस यात्रा पर रह रहे विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि रियाद और जेद्दा स्थित भारतीय मिशन दुर्घटना से प्रभावित नागरिकों और उनके परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की।

प्रधानमंत्री मोदी ने व्यक्त किया शोक

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया में लिखा, “मदीना में भारतीय नागरिकों के साथ हुई दुर्घटना से बेहद दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। उन्होंने यह भी बताया कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित वाणिज्य दूतावास प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं और भारतीय अधिकारी सऊदी प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं

तेलंगाना के सीएम ए. रेवंत रेड्डी ने जताया दुख

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने भी दुर्घटना पर दुख जताया और कहा कि प्रारंभिक सूचना के अनुसार हादसे में हैदराबाद के निवासी भी शामिल हैं। उन्होंने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को विदेश मंत्रालय तथा सऊदी दूतावास से लगातार संपर्क में रहने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि मुख्य सचिव के. रामकृष्ण राव ने दिल्ली स्थित समन्वय सचिव गौरव उप्पल से तुरंत बातचीत की और राहत कार्यों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

तेलंगाना सचिवालय में भी बना हेल्पडेस्क

तेलंगाना सचिवालय में भी एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जहां से हादसे से संबंधित विवरण की निगरानी की जा रही है और पीड़ित परिवारों को समय-समय पर जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। स्थानीय प्रशासन, भारतीय दूतावास और राज्य सरकार संयुक्त रूप से राहत एवं जांच कार्यों में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *