दिल्ली धमाका मामले में बड़ी कार्रवाई, आरोपी आमिर राशिद को कोर्ट ने 10 दिन की NIA हिरासत में भेजा

Delhi blast case update: दिल्ली की एक अदालत ने लाल किला विस्फोट मामले में गिरफ्तार आरोपी आमिर राशिद अली को सोमवार को राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की 10 दिन की हिरासत में भेज दिया। आरोपी को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के समक्ष पेश किया गया।

10 नवंबर को दिल्ली में हुआ था भीषण विस्फोट

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 10 नवंबर को लाल किले के पास खड़ी विस्फोटकों से भरी एक कार में भीषण धमाका हुआ था। इस घटना में 13 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे। प्राथमिक जांच में सामने आया कि घटना के समय कार को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा निवासी डॉक्टर उमर नबी चला रहा था।

उमर नबी के बारे में जांच एजेंसियों ने पाया कि वह एक “सफेदपोश” आतंकी मॉड्यूल से जुड़ा हुआ था। इस मॉड्यूल का बड़ा खुलासा हरियाणा के फरीदाबाद में विस्फोटक सामग्री की भारी बरामदगी के बाद हुआ था। माना जा रहा है कि नेटवर्क ने दिल्ली में बड़ी आतंकी साजिश को अंजाम देने की योजना बनाई थी।

एनआईए ने रविवार को की थी गिरफ्तारी

एनआईए ने आरोपी आमिर राशिद अली को रविवार को गिरफ्तार किया था। एजेंसी के लिए सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि विस्फोट में इस्तेमाल हुई हुंडई आई20 कार अली के नाम पर पंजीकृत थी। अब एजेंसी यह जानने की कोशिश कर रही है कि कार किसके निर्देश पर इस्तेमाल की जा रही थी, इसकी फंडिंग कहां से हुई और इसमें कितने लोग शामिल थे। एनआईए आरोपी से पूछताछ कर इस मॉड्यूल की संरचना, सहयोगियों, वित्तीय सहायता और संभावित आतंकवादी नेटवर्क को जोड़ने वाले सभी लिंक का पता लगा रही है। इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी दिल्ली में किसी और बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *