(जींद): केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने रविवार को जींद में आयोजित 79वें दीवान कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में उप विधानसभा अध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्डा भी मौजूद रहे। मनोहर लाल ने जींद में आयोजित 79वें दीवान समारोह में बाबा तेग बहादुर की शिक्षाओं और उनके त्याग के बारे में बताया गया। उन्होंने कहा कि समाज को गुरु तेग बहादुर के मार्ग पर चलना चाहिए और उनकी बताई सीखों को जीवन में अपनाना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय मंत्री ने सभी समाजों के लोगों को शुभकामनाएँ दीं और कहा कि सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
विपक्ष हो गया है मुद्दाविहीन
इस दैरान बिहार चुनाव को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि विपक्ष के पास कहने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में विकास और सुशासन के आधार पर चुनाव लड़े जा रहे हैं और विपक्ष मुद्दाविहीन हो गया है।
विकास कार्यों और मालिकाना हक की उपलब्धियां
मनोहर लाल ने कहा कि विभाजन के बाद लोगों को उनके मालिकाना हक दिलाने का काम वर्तमान सरकार ने किया है। उन्होंने बताया कि हरियाणा के गांवों में करीब 30 हजार एकड़ जमीन लोगों को आवंटित की गई है। वहीं शहरों में भी 20 से 30 वर्षों से किरायेदार के रूप में रह रहे परिवारों को नगर पालिकाओं के माध्यम से मालिकाना अधिकार दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्य सरकार की पारदर्शी और जनहितैषी नीतियों का परिणाम है।
भ्रष्टाचार और सुरक्षा पर सरकार सतर्क
भ्रष्टाचार पर बोलते हुए मनोहर लाल ने कहा कि आज देश में भ्रष्टाचार को खत्म करने का संकल्प लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्र में कार्य कर रहे हैं, जबकि हरियाणा में नायब सैनी इस दिशा में लगातार सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी गंभीरता से प्रयासरत है।
दिल्ली में हाल ही में हुए ब्लास्ट पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि इस मामले में कुछ महत्वपूर्ण जानकारियाँ सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में हुए धमाके को लेकर जो बातें सामने आ रही हैं, वह जांच के दौरान हुए विस्फोट से जुड़ी हैं और इस पर पूरी जांच की जा रही है।