तरनतारन में बोले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी,“पंजाब को आगे बढ़ाना है तो कमल के साथ चलना होगा

CM Naib Singh Saini: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को पंजाब के तरनतारन जिले के चाबल कलां में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान सीएम सैनी ने कहा कि पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी के कुशासन से ऊब चुकी है और अब बदलाव के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि पंजाब की दिशा और भविष्य तय करने वाला चुनाव है। सीएम सैनी ने कहा कि इस बदलाव की गारंटी भारतीय जनता पार्टी और उसके प्रत्याशी हरजीत सिंह संधू हैं। जनसभा से पहले मुख्यमंत्री सैनी ने गुरुद्वारा बीर बाबा बुड्ढा साहिब में मत्था टेककर देश और प्रदेश की खुशहाली की अरदास की।

विपक्ष पर जमकर किया कटाक्ष

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने भाषण में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और नशे ने पंजाब को खोखला कर दिया, जबकि आम आदमी पार्टी ने बदलाव के नाम पर केवल झूठे वादे किए।

AAP ने सत्ता के लिए तोड़ी बच्चों की कसम

सैनी ने आरोप लगाया कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक समय बच्चों की कसम खाकर कहा था कि वह कांग्रेस से गठबंधन नहीं करेंगे, लेकिन सत्ता के लिए उन्होंने उसी कांग्रेस से समझौता कर लिया। उन्होंने कहा कि दोनों दलों ने पंजाब को पीछे धकेलने का काम किया और जनता अब इनके छलावे में नहीं आएगी।

बाढ़ के समय दोनों मुख्यमंत्री थे गायब

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि जब पंजाब में बाढ़ आई थी, तब न तो दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नजर आए और न ही पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान। एक दिल्ली चले गए और दूसरे अस्पताल में भर्ती हो गए। वहीं, हरियाणा सरकार ने तुरंत अपने अधिकारियों को पंजाब के बाढ़ग्रस्त इलाकों में सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तीन साल पहले जनता ने आम आदमी पार्टी को प्रचंड बहुमत दिया था, लेकिन अब वही जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।

हरियाणा में सुशासन और पारदर्शिता का मॉडल

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हरियाणा आज विकास के क्षेत्र में देश में चौथे स्थान पर है। भाजपा सरकार ने किसानों, युवाओं और महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए हैं। किसानों की खराब फसल का मुआवजा सीधे खातों में भेजा गया है और प्रशासनिक पारदर्शिता को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार तीसरी बार बनी है और अपने अधिकांश वादों को पूरा किया है। इसके विपरीत, आम आदमी पार्टी ने केवल भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया।

सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा विकास की गति से आगे बढ़ रहा है। अब समय आ गया है कि पंजाब भी उसी दिशा में कदम बढ़ाए। उन्होंने कहा, “अगर हरियाणा आगे बढ़ सकता है तो पंजाब क्यों नहीं? पंजाब को आगे बढ़ाना है तो कमल के फूल के साथ चलना होगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने 1984 के दंगों में अपने परिजनों को खो चुके परिवारों के लिए बड़ा निर्णय लिया है ऐसे परिवारों के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का फैसला लिया गया है।

गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 नवंबर से गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहीदी दिवस से जुड़े कार्यक्रम शुरू हो चुके हैं, जो 25 नवंबर तक चलेंगे। इनका मुख्य समापन समारोह कुरुक्षेत्र में होगा, जिसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया गया है।

“जनता अब झूठे वादों में नहीं आएगी”

अंत में मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि पंजाब की जनता अब कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के झूठे वादों में नहीं आने वाली। यह चुनाव विकास, सुशासन और स्थिरता की दिशा में मतदान का अवसर है। उन्होंने लोगों से भाजपा प्रत्याशी हरजीत सिंह संधू को भारी मतों से विजयी बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ मजबूत करने की अपील की।

इस अवसर पर पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़, भाजपा प्रत्याशी हरजीत सिंह संधू, भाजपा महासचिव राकेश राठौर, अनिल सरीन सहित कई वरिष्ठ नेता मंच पर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *