अगले साल आ सकता हूं भारत, पीएम मोदी से बातचीत शानदार चल रही है: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

(न्यूयॉर्क) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि भारत के साथ उनकी बातचीत “बहुत अच्छी” चल रही है और वे अगले वर्ष भारत की यात्रा कर सकते हैं। व्हाइट हाउस के ‘ओवल ऑफिस’ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ अपने रिश्तों और भारत-अमेरिका संबंधों पर विस्तार से बात की।

मोदी के साथ मजबूत संबंधों का जिक्र

जब पत्रकारों ने ट्रंप से पूछा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी बातचीत और भारत के साथ व्यापार वार्ता कैसी चल रही है, तो उन्होंने कहा, “बहुत बढ़िया, सब कुछ अच्छी तरह चल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने रूस से तेल खरीदना काफी हद तक बंद कर दिया है।” ट्रंप ने पीएम मोदी को “मित्र” बताते हुए कहा, “वह मेरे दोस्त हैं, हम लगातार बातचीत करते हैं। उन्होंने मुझे भारत आने का न्योता दिया है, और मैं इस पर गंभीरता से विचार कर रहा हूं। मैंने उनसे पहले भी एक शानदार यात्रा की थी। वह एक महान व्यक्ति हैं और मैं फिर भारत जाऊंगा। जब उनसे पूछा गया कि क्या यह यात्रा अगले साल होगी, तो ट्रंप ने मुस्कुराते हुए कहा, “हां, हो सकता है।”

भारत करेगा अगले वर्ष क्वाड शिखर सम्मेलन की मेजबानी

भारत अगले वर्ष क्वाड शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा, जिसमें अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के नेता भी शामिल होंगे। यह संभावना जताई जा रही है कि ट्रंप की यह संभावित यात्रा उसी दौरान हो सकती है। हालांकि, सम्मेलन की सटीक तिथियों की अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध रोकने का दावा

राष्ट्रपति ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध जैसी स्थिति को केवल व्यापारिक दबाव से रोका था। उन्होंने कहा, “मैंने आठ युद्ध खत्म कराए, जिनमें से पांच या छह को तो टैरिफ लगाकर समाप्त किया। भारत और पाकिस्तान परमाणु संपन्न देश हैं, वे एक-दूसरे पर गोलीबारी कर रहे थे, आठ विमान गिराए गए थे। तब मैंने कहा अगर तुम लोग लड़ते रहोगे, तो मैं तुम पर शुल्क लगा दूंगा।’ वे खुश नहीं थे, लेकिन 24 घंटे के भीतर युद्ध रुक गया। ट्रंप ने कहा कि टैरिफ केवल आर्थिक उपकरण नहीं, बल्कि “राष्ट्रीय सुरक्षा का एक प्रभावी साधन” भी है

भारत-अमेरिका रिश्तों को दी नई दिशा

ट्रंप ने अपने बयान में दोहराया कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी व्यक्तिगत मित्रता और साझा दृष्टिकोण ने दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाई दी है। उन्होंने कहा, “भारत के साथ हमारी साझेदारी मजबूत और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। मैं फिर से वहां जाकर उस साझेदारी को और गहरा करना चाहता हूं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *