सीतामढ़ी में अमित शाह का विपक्ष पर वार, कहा-14 नवंबर तक RJD खत्म विकास के रास्ते पर होगा बिहार”

Bihar Elections 2025: (शिवहर/सीतामढ़ी)भारतीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को शिवहर में आयोजित चुनावी रैली में दावा किया कि बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनेगी और 14 नवंबर को दोपहर एक बजे तक राज्य से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होंगे और मतगणना 14 नवंबर को होगी।

विकास परियोजनाओं का किया ऐलान

शाह ने रैली में राज्य के लिए कई प्रमुख परियोजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सीता मंदिर में मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर सीतामढ़ी से अयोध्या तक ‘वंदे भारत ट्रेन’ शुरू की जाएगी। मिथिला-कोशी क्षेत्र में बाढ़ नियंत्रण के लिए 11,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं जारी हैं। इसके अलावा, सोनबरसा नानपुर में 505 एकड़ में औद्योगिक पार्क स्थापित किया जाएगा और मिथिलांचल को 500 करोड़ रुपये की लागत से वैश्विक ज्ञान केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास

शाह ने बताया कि सीतामढ़ी-अयोध्या रामजानकी पथ 550 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा और अयोध्या-सीतामढ़ी रेल पटरी के दोहरीकरण पर 5,000 करोड़ रुपये खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि राजग बिहार में रक्षा गलियारा बनाएगा, हर जिले में कारखाने लगाएगा और एमएसएमई एवं औद्योगिक पार्क विकसित करेगा। उन्होंने पटना, दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर हवाई अड्डों को वैश्विक मानकों के अनुसार विकसित करने और प्रत्येक जिले में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का भी वादा किया।

विपक्ष पर तगड़ा हमला

अमित शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव पर घोटालों में लिप्त होने का आरोप लगाया और कहा कि केवल नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जोड़ी ही बिहार को विकास की राह पर ले जा सकती है। उन्होंने कहा कि राजद सरकार ने बिहार को अपहरण, हत्या और जबरन वसूली का अड्डा बना दिया था। इसके अलावा, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पहली बार शाम पांच बजे तक मतदान होगा।

कृषि और उद्योग का किया वादा

शाह ने राजग के सत्ता में आने पर बिहार की सभी बंद चीनी मिलों को 2.5 साल में पुनर्जीवित करने का वादा किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में बिहार को 10 वर्षों में 18.70 लाख करोड़ रुपये मिले, जबकि लालू के शासन में केवल 2.80 लाख करोड़ रुपये दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *