Chhath Puja 2025: (नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को चार दिवसीय महापर्व छठ के समापन पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति की भव्यता, अनुशासन और आस्था का अनुपम उदाहरण है।
‘प्रधानमंत्री ने एक्स’ पर लिखा
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा भगवान सूर्यदेव को प्रातःकालीन अर्घ्य के साथ आज महापर्व छठ का शुभ समापन हुआ। चार दिवसीय इस अनुष्ठान के दौरान छठ पूजा की हमारी भव्य परंपरा के दिव्य दर्शन हुए। उन्होंने कहा कि यह पर्व न केवल सूर्योपासना का प्रतीक है, बल्कि इसमें पर्यावरण, नारीशक्ति और सामाजिक समरसता का भी गहरा संदेश निहित है।
व्रतियों और श्रद्धालुओं के प्रति जताई प्रशंसा
मोदी ने आगे कहा समस्त व्रतियों और श्रद्धालुओं सहित पावन पर्व का हिस्सा बने अपने सभी परिवारजनों का हृदय से अभिनंदन। छठी मइया की असीम कृपा से आप सभी का जीवन सदैव आलोकित रहे। प्रधानमंत्री ने श्रद्धालुओं द्वारा घाटों पर दिखाई गई अनुशासन, स्वच्छता और सामूहिक एकता की भावना की भी सराहना की।
पूर्वी भारत समेत देशभर में धूमधाम से मनाया गया पर्व
छठ पूजा मुख्य रूप से बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाती है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में श्रद्धालु कठोर व्रत रखते हैं, जलाशयों या नदियों में स्नान करते हैं और सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हैं।