PM Modi met Qualcomm CEO: (नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमेरिकी चिप निर्माता कंपनी क्वालकॉम के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) क्रिस्टियानो आर. अमोन से अपने सरकारी आवास पर मुलाकात की। इस बैठक के दौरान कृत्रिम मेधा (एआई), नवाचार, कौशल विकास और भारत में सेमीकंडक्टर मिशन पर गहन चर्चा हुई।
पीएम मोदी ने साझा की बैठक की जानकारी
प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक के बाद सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा क्रिस्टियानो आर. अमोन के साथ एक बेहतरीन बैठक हुई। इसमें एआई, नवाचार और कौशल विकास में भारत की प्रगति पर चर्चा हुई। भारत के सेमीकंडक्टर और एआई मिशनों के प्रति क्वालकॉम की प्रतिबद्धता देखकर अच्छा लगा। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भारत ऐसी प्रौद्योगिकियों के निर्माण के लिए बेजोड़ प्रतिभा और व्यापकता प्रदान करता है, जो न केवल देश के बल्कि विश्व के सामूहिक भविष्य को आकार देने में सक्षम हैं।
क्वालकॉम ने भारत में गहरी भागीदारी की जताई इच्छा
क्रिस्टियानो अमोन ने भी प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा भारत एआई और सेमीकंडक्टर मिशन के समर्थन में क्वालकॉम और भारत के बीच व्यापक साझेदारी को आगे बढ़ाने को लेकर प्रधानमंत्री मोदी से शानदार चर्चा हुई। साथ ही 6जी तकनीक में बदलाव को लेकर भी बातचीत उत्साहजनक रही।”
उन्होंने यह भी कहा कि क्वालकॉम भारत में एआई स्मार्टफोन, पर्सनल कंप्यूटर, स्मार्ट ग्लासेस, ऑटोमोबाइल, औद्योगिक और अन्य क्षेत्रों में भारतीय नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र के विकास के अवसरों को लेकर उत्साहित है।
भारत का बढ़ता तकनीकी प्रभाव
प्रधानमंत्री मोदी की ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘मेक इन इंडिया’ जैसी पहलों के चलते भारत वैश्विक कंपनियों के लिए सेमीकंडक्टर निर्माण और एआई अनुसंधान का एक आकर्षक गंतव्य बन गया है। क्वालकॉम जैसी अग्रणी कंपनियों की भागीदारी से भारत के तकनीकी बुनियादी ढांचे और स्टार्टअप इकोसिस्टम को नई गति मिल रही है।
इस मुलाकात को भारत में उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में वैश्विक निवेश, अनुसंधान और कौशल विकास के नए अवसरों के रूप में देखा जा रहा है। भारत का उद्देश्य न केवल तकनीक का उपभोक्ता बनना है, बल्कि उसे ग्लोबल टेक्नोलॉजी इनोवेशन का केंद्र बनाना है।