PM Modi Durga Puja 2025: (नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को महाअष्टमी के पावन अवसर पर दिल्ली के चित्तरंजन पार्क स्थित दुर्गा पूजा पंडाल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मंत्रोच्चार के बीच देवी दुर्गा की अराधना की और कालीबाड़ी मंदिर में पारंपरिक बंगाली रीति से आरती में भाग लिया।
बंगाली संस्कृति से जुड़ा समारोह
चित्तरंजन पार्क दिल्ली में बंगाली समुदाय का एक प्रमुख सांस्कृतिक केंद्र माना जाता है। यहां हर साल दुर्गा पूजा बड़े धूमधाम से मनाई जाती है। प्रधानमंत्री की मौजूदगी से इस बार का उत्सव और भी खास हो गया। समारोह में भाग लेते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने बंगाली संस्कृति की समृद्ध परंपराओं को नमन किया और स्थानीय लोगों से संवाद भी किया। वे पंडाल में कुछ देर ठहरे और श्रद्धालुओं के साथ पूजा-अर्चना में शामिल हुए।
पीएम मोदी का सोशल मीडिया संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा आज महाअष्टमी के पावन अवसर पर, मैं दुर्गा पूजा समारोह में भाग लेने के लिए दिल्ली के चित्तरंजन पार्क गया। चित्तरंजन पार्क बंगाली संस्कृति से अपने गहरे जुड़ाव के लिए जाना जाता है। यह समारोह वास्तव में हमारे समाज में एकता और सांस्कृतिक जीवंतता की भावना को दर्शाता है। मैंने सभी की खुशी और कल्याण के लिए प्रार्थना की।”
सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम, यातायात परामर्श जारी
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए दक्षिणी दिल्ली के कई इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। पुलिस बल तैनात किया गया और ट्रैफिक विभाग द्वारा कई मार्गों पर यातायात परामर्श भी जारी किए गए, ताकि किसी तरह की असुविधा न हो।
श्रद्धा और सांस्कृतिक एकता का संदेश
प्रधानमंत्री की उपस्थिति से आयोजन स्थल पर श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बन गया। लोगों ने इस क्षण को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह सांस्कृतिक विविधता और एकता का प्रतीक है।