हिमाचल में भारी बारिश से तबाही, धरमपुर बस स्टैंड जलमग्न; शिमला में भूस्खलन

Himachal Flood

Himachal Flood: हिमाचल प्रदेश में सोवार की रात हुई मूसलाधार बारिश ने कई क्षेत्रों में भारी तबाही मचाई है। मंडी जिले के धरमपुर में बस स्टैंड पूरी तरह जलमग्न हो गया। वहीं राजधानी शिमला में भूस्खलन के कारण एक प्रमुख सड़क बाधित हो गई। अधिकारियों ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।

धरमपुर में पानी-पानी हुआ बस स्टैंड

बारिश के चलते मंडी जिले के धरमपुर में सोन और भारंद नालों में उफान आ गया। इसका सीधा असर वहां के बस स्टैंड पर पड़ा, जहां पानी भरने से 20 से अधिक एचआरटीसी बसें, एक वर्कशॉप, पंप हाउस और कई दुकानों को नुकसान पहुंचा। हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए बताया कि धरमपुर बस स्टैंड क्षेत्र में “दो दर्जन से अधिक बसें, वर्कशॉप्स और दुकानों को नुकसान पहुंचा है।”

शिमला में भूस्खलन, सर्कुलर रोड बंद

राजधानी शिमला के हिमलैंड इलाके में भारी बारिश के चलते भूस्खलन हुआ, जिससे कई वाहन मलबे में दब गए और मुख्य सर्कुलर रोड अवरुद्ध हो गई। सड़क बंद होने से स्कूल जाने वाले बच्चों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मलबे में दबे लोग

कुछ क्षेत्रों से मकानों के गिरने और मलबे में लोगों के दबे होने की भी सूचना है। राहत और बचाव कार्य जारी है, हालांकि अब तक किसी की मौत होने की पुष्टि नहीं हुई है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग और स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड पर हैं। संवेदनशील इलाकों में टीमें तैनात की गई हैं और लोगों से नदियों व भूस्खलन संभावित स्थानों से दूर रहने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *