असम को ऊर्जा और बुनियादी ढांचे में बड़ी सौगात, PM मोदी ने कई परियोजनाओं का किया शुभारंभ

PM Modi Assam visit 2025: (नुमालीगढ़,असम): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को असम के गोलाघाट जिले के नुमालीगढ़ में लगभग 12,230 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रीय विकास, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और ऊर्जा उत्पादन को नया आयाम देने वाली कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की।

बांस आधारित इथेनॉल संयंत्र का उद्घाटन

प्रधानमंत्री ने लगभग 5,000 करोड़ रुपये की लागत से बने दूसरी पीढ़ी के बांस आधारित बायोइथेनॉल संयंत्र का उद्घाटन किया। अधिकारियों के अनुसार, यह संयंत्र दुनिया का पहला “शून्य अपशिष्ट” प्रतिष्ठान है, जो बांस के सभी हिस्सों का उपयोग करेगा। यह संयंत्र पूर्वोत्तर के चार राज्यों से सालाना 5 लाख टन हरा बांस प्राप्त करेगा, जिससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 50,000 से अधिक लोगों को लाभ मिलेगा। इससे राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को 200 करोड़ रुपये का आर्थिक प्रोत्साहन मिलने की संभावना है।

रिफाइनरी विस्तार परियोजना का किया शुभारंभ

पीएम मोदी ने नुमालीगढ़ रिफाइनरी में 7,230 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली ‘पेट्रो फ्लूइडाइज्ड कैटेलिटिक क्रैकर इकाई’ की भी आधारशिला रखी। यह इकाई प्रोपलीन के उत्पादन में सहायक होगी और इससे प्रतिवर्ष 75,000 मानव-दिवस के रोजगार सृजन की क्षमता होगी। साथ ही, इस परियोजना से पॉलीप्रोपाइलीन जैसे प्लास्टिक उत्पादों के निर्माण में आत्मनिर्भरता भी बढ़ेगी।

अन्य परियोजनाओं की भी रखी आधारशिला

इससे पहले प्रधानमंत्री ने असम के दरांग जिले के मंगलदई में 6,300 करोड़ रुपये की विभिन्न स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इनमें 570 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले दरांग मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज और GNM स्कूल शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त पीएम मोदी ने 1,200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 2.9 किलोमीटर लंबे नरेंगी-कुरुवा पुल, और 4,530 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 118.5 किलोमीटर लंबी गुवाहाटी रिंग रोड परियोजना की भी आधारशिला रखी, जो असम के कामरूप और दरांग जिलों को मेघालय के री भोई से जोड़ेगी।

दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी शनिवार शाम को अपने दो दिवसीय असम दौरे पर गुवाहाटी पहुंचे। उन्होंने वहां भारत रत्न से सम्मानित दिवंगत गायक भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह में भी भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *