PM Modi rally in Assam: (नुमालीगढ़, असम): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को असम के नुमालीगढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारत सरकार तेल और गैस के आयात पर निर्भरता को कम करने के लिए ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार तेल अन्वेषण (ऑयल एक्सप्लोरेशन)और हरित ऊर्जा (ग्रीन एनर्जी) के उत्पादन को प्राथमिकता दे रही है ताकि ऊर्जा के क्षेत्र में देश ‘आत्मनिर्भर’ बन सके। प्रधानमंत्री ने कहा भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है, लेकिन अभी भी ऊर्जा ज़रूरतों के लिए कच्चे तेल और गैस के आयात पर निर्भर है। इसे बदलने के लिए सरकार सतत प्रयास कर रही है।”
इथेनॉल संयंत्र से किसानों को होगा लाभ
पीएम मोदी ने इस अवसर पर बांस आधारित इथेनॉल संयंत्र का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह परियोजना किसानों और आदिवासी समुदायों के लिए आर्थिक रूप से लाभकारी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि इथेनॉल ऊर्जा का एक प्रभावी वैकल्पिक स्रोत है, जो पर्यावरण और अर्थव्यवस्था दोनों के लिए उपयोगी है।
पॉलीप्रोपाइलीन संयंत्र से स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल
प्रधानमंत्री ने पॉलीप्रोपाइलीन उत्पादन संयंत्र की आधारशिला भी रखी, जो स्थानीय उद्योग और रोजगार सृजन को बढ़ावा देगा। उन्होंने इसे पूर्वोत्तर भारत की औद्योगिक प्रगति का प्रतीक बताया। इसके अलावा पीएम मोदी ने कहा कि ऊर्जा और सेमीकंडक्टर दो ऐसे क्षेत्र हैं जो ‘आत्मनिर्भर भारत’ के निर्माण में प्रमुख भूमिका निभाएंगे, और असम की इसमें विशेष भागीदारी होगी।
विपक्ष पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पार्टी पर असम में उग्रवाद, अस्थिरता और घुसपैठ को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा वोटबैंक की राजनीति के लिए कांग्रेस ने असम की विरासत और जनसंख्या संतुलन को नजरअंदाज किया। भाजपा ने न केवल राज्य को विकास की राह पर डाला, बल्कि इसकी सांस्कृतिक पहचान को भी सहेजा। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार अतिक्रमण हटाने, भूमि अधिकार दिलाने और आदिवासी कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। साथ ही, उन्होंने असम को व्यापार और पर्यटन का केंद्र बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।