लखनऊ हवाई अड्डे पर तकनीकी खराबी से उड़ान नहीं भर सका इंडिगो विमान, टला बड़ा हादसा

IndiGo flight technical issue:(लखनऊ): शनिवार को लखनऊ हवाई अड्डे से दिल्ली के लिए रवाना होने वाली इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान संख्या 6E2111 उड़ान नहीं भर सकी। विमान में 150 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें समाजवादी पार्टी (सपा) की नेता और लोकसभा सांसद डिंपल यादव भी शामिल थीं।

रनवे पर रुकवाया गया विमान

सूत्रों के अनुसार, उड़ान भरने की तैयारी के दौरान, जब विमान रनवे पर खड़ा था, उस समय संचालन दल को तकनीकी गड़बड़ी की जानकारी मिली। सुरक्षा कारणों से विमान को रनवे से हटाकर हवाई अड्डे के एक ‘बे’ में खड़ा कर दिया गया, जहां उसकी तकनीकी जांच की जा रही है।

यात्रियों को नहीं दी गई स्पष्ट जानकारी

विमान में सवार यात्रियों को इस अचानक आई समस्या के कारण काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। कुछ यात्रियों ने एयरलाइन पर यह आरोप भी लगाया कि उन्हें देरी और वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। कई यात्री परेशान नजर आए।

विमान की जांच जारी

इंडिगो की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। विमान की तकनीकी जांच जारी है और यह स्पष्ट नहीं है कि उसे फिर से कब परिचालन में लाया जाएगा। सांसद डिंपल यादव की उपस्थिति के कारण मामला राजनीतिक हलकों में भी चर्चा का विषय बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *